फारबिसगंज और भागलपुर की टीम पहुंची फाइनल में
फारबिसगंज में आयोजित स्पोर्ट्स कार्निवाल सीजन-वन का सेमीफाइनल रोमांचक रहा। भागलपुर और फारबिसगंज की टीमों ने जीतकर फाइनल में जगह बनाई। मुख्य अतिथि प्रो. डा. राजेन्द्र गुप्ता ने खेल भावना की सराहना की। फाइनल मैच 20 जनवरी को होगा। दर्शकों का उत्साह और खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा।

फारबिसगंज,एक संवाददाता बिहार प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच द्वारा स्थानीय हवाई अड्डा ग्राउंड में आयोजित स्पोर्ट्स कार्निवाल सीजन-वन अब अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। रविवार को हुए रोमांचक सेमी फाइनल मुकाबलों में भागलपुर और मेजबान फारबिसगंज की टीमों ने अपने- अपने मैच जीतकर फाइनल में जगह पक्की कर ली है। मंगलवार को फाइनल मैच होगा। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में बिहार विधान परिषद के सदस्य प्रो. डा.राजेन्द्र गुप्ता ने टॉस उछालकर सेमीफाइनल मैच की शुरुआत की। आयोजन समिति के अध्यक्ष गौरव जैन,प्रांतीय अध्यक्ष अश्विनी खटोड़,और खेल संयोजक निशांत गोयल ने अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए एमएलसी डॉ.गुप्ता ने कहा कि मैं भी फारबिसगंज ली एकेडमी स्कूल ग्राउंड में क्रिकेट खेला करता था। आज क्रिकेट की तकनीक बदल गई है, पर खेल भावना वही है। उन्होंने मारवाड़ी युवा मंच के प्रयासों की सराहना करते हुए खेल के विकास के लिए हर संभव सरकारी सहयोग का आश्वासन दिया। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में ललित केडिया ने अपने पुराने मित्र राजेंद्र गुप्ता के व्यक्तित्व और मारवाड़ी युवा मंच के इस आयोजन की जमकर प्रशंसा की। रविवार को खेला गया पहला सेमीफाइनल मैच किशनगंज और भागलपुर के बीच खेला गया, जिसमें भागलपुर की टीम के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एकतरफा जीत अपने नाम दर्ज की। किशनगंज की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में छह विकेट खोकर 104 रन बनाए। जबाव में भागलपुर की टीम ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए मात्र 5.5 ओवर में दो विकेट खोकर 110 रन बना लिए और आठ विकेट से मैच जीत लिया। शानदार प्रदर्शन के लिए हर्षित केडिया को नप की मुख्य पार्षद वीणा देवी ने 'मैन ऑफ द मैच' की ट्रॉफी प्रदान की। वहीं दूसरा सेमी फाइनल मुजफ्फरपुर और फारबिसगंज के बीच खेला गया, जिसमें फारबिसगंज की टीम ने मात्र एक रन से विजयी प्राप्त कर फाइनल में अपनी जगह बना ली। रविवार का दूसरा मैच बेहद रोमांचक रहा। मुजफ्फरपुर ने टॉस जीतकर फारबिसगंज को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया। फारबिसगंज की टीम ने निर्धारित 12 ओवर में सात विकेट पर 134 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। जवाब में मुजफ्फरपुर की टीम ने कड़ी टक्कर दी, लेकिन निर्धारित 12 ओवर में आठ विकेट खोकर 133 रन ही बना सकी। फारबिसगंज ने यह मैच महज एक रन से जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। इस मौके पर मौजूद अतिथियों यथा मूलचन्द गोलछा एवं राज कुमार अग्रवाल ने मयूर दुगड़ एवं बादल मूंदड़ा को 'मैन ऑफ द मैच'खिताब प्रदान किया। सेमीफाइनल मैच के दौरान मैदान में उत्सव जैसा माहौल देखा गया। मैदान पूरी तरह से दर्शकों से खचाखच भरा रहा। महिलाओं और खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों का जमकर उत्साहवर्धन किया और बेहतरीन प्रदर्शन पर इनामों की बौछार कर दी। प्रांतीय पदाधिकारियों में मौजूद शरद कानोड़िया, अर्पित खेतान,आकाश कन्दोई और राजीव टिबड़ेवाल ने फारबिसगंज शाखा की टीम की सक्रियता की तारीफ करते हुए इसे एक सफल उत्सव बताया। क्रिकेट का फाइनल मैच आगामी 20 जनवरी, मंगलवार को खेला जाएगा।इस अवसर पर बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष बछराज राखेचा, गोलछा ग्रुप के मूलचंद गोलछा और अग्रवाल समाज के पूर्व अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों का हौसलाफजाई करते हुए शानदार खेल खेलने के लिए बधाई दी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


