
बाल संरक्षण के लिए हितधारकों के बीच मजबूत समन्वय आवश्यक
अररिया में पॉस्को एक्ट और बाल संरक्षण पर समन्वय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता सहायक निदेशक शंभु कुमार रजक ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने बाल संरक्षण के मामलों में समन्वय को मजबूत करने पर चर्चा की। यूनिसेफ के सलाहकार ने कानूनी प्रक्रियाओं की जानकारी दी।
अररिया, निज संवाददाता पॉस्को एक्ट एवं बाल संरक्षण संबंधी अन्य कानूनी विषयों पर काम करने के दौरान आ रही समस्याओं के निराकरण के लिए शनिवार को आयोजित समन्वय बैठक में इसे प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया गया। जिला बाल संरक्षण इकाई के तत्वावधान में जिला उद्योग भवन के सभागार में हुई विमर्श सह समन्वय बैठक की अध्यक्षता जिला बाल संरक्षण इकाई के सहायक निदेशक शंभु कुमार रजक ने की। बैठक में पॉस्को एक्ट एवं बाल संरक्षण से जुड़े अन्य संवेदनशील विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए बाल संरक्षण से संबंधित मामलों में विभिन्न विभागों एवं हितधारकों के बीच आपसी समन्वय को सुदृढ़ करने की बात कही गयी।
बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव रोहित कुमार श्रीवास्तव, डीएसपी मुख्यालय सह नोडल पदाधिकारी विशेष किशोर पुलिस इकाई मनोज कुमार सिंह,यूनिसेफ के वरीय परामर्शी अजय कुमार, सीडब्ल्यूसी के अध्यक्ष दीपक कुमार वर्मा,सदस्य डॉ मंजीता राठौर, नूतन कुमारी, महिला कल्याण समिति कि सुष्मिता कुमारी, परमानंद मंडल,कुमोद कुमार पासवान सहित बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय परिषद, महिला एवं बाल विकास विभाग के पदाधिकारी,बाल संरक्षण पदाधिकारी, अररिया नगर,अररिया आरएस, महिला थानाध्यक्ष,जागरण कल्याण भारती के अध्यक्ष के अलावा कई विभागों व संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल थे।बैठक में समाज कल्याण विभाग,यूनिसेफ के परामर्शी अजय कुमार ने पोक्सो एक्ट से संबंधित विभिन्न प्रावधानों, कानूनी प्रक्रियाओं व व्यावहारिक पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी।बैठक को संबोधित करते हुए सहायक निदेशक शंभु कुमार रजक ने कहा कि बाल संरक्षण अत्यंत संवेदनशील विषय है।इसके लिए सभी संबंधित हितधारकों के बीच मजबूत समन्वय आवश्यक है। उन्होंने बताया कि इस दिशा में जिले के सभी थानों व विभिन्न हितधारकों के साथ शीघ्र ही एक विस्तृत कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।ताकि पॉस्को एक्ट एवं बाल संरक्षण से जुड़े मामलों में प्रभावी एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




