रिटायर होने के बावजूद शिक्षा क्षेत्र से हमेशा जुड़ा रहूंगा: डॉ. आलोक
रानीगंज वायएनपी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ अशोक कुमार आलोक शनिवार को सेवानिवृत्त हुए। विदाई समारोह में नए प्राचार्य नूतन आलोक का स्वागत किया गया। समारोह की अध्यक्षता कृष्णानंद उर्फ सूदो बाबू ने की। डॉ. आलोक ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए महाविद्यालय परिवार को यादगार क्षण बताया।

रानीगंज। एक संवाददाता। रानीगंज वायएनपी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ अशोक कुमार आलोक शनिवार को सेवानिवृत्त हो गए। रविवार को रानीगंज वायएनपी महाविद्यालय में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित कर जहां डॉ अशोक कुमार आलोक को विदाई दी गयी वहीं महाविद्यालय के नए प्राचार्य नूतन आलोक का स्वागत किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय प्रबंध समिति के पूर्व अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य कृष्णानंद उर्फ सूदो बाबू ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में जी एल एम कॉलेज बनमनखी के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. प्रमोद भारतीय उपस्थित थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्णिया कॉलेज पूर्णिया के सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. मिथिलेश मिश्रा, राजकुमारी देवी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. केके चौधरी ने किया। अध्यक्षीय संबोधन में कृष्णानंद उर्फ सूदो बाबू ने कहा कि डॉ. अशोक कुमार आलोक का कार्यकाल महाविद्यालय के लिए स्वर्णिम अध्याय के रूप में स्मरणीय रहेगा। उन्होंने शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं आधारभूत संरचना के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया है। साथ ही उन्होंने नव प्रधानाचार्य डॉ. नूतन आलोक को शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में महाविद्यालय नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा। अपने उद्बोधन में डॉ. अशोक कुमार आलोक ने सभी शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए अत्यंत भावनात्मक क्षण है और महाविद्यालय परिवार का स्नेह वे सदैव स्मरण रखेंगे। सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य को अंगवस्त्र, घड़ी एवं दैनिक उपयोग की सामग्री भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही महाविद्यालय के सेवानिवृत्त प्राध्यापक प्रो. बुद्धिनाथ सिंह, प्रो. योगेंद्र प्रसाद यादव तथा शिक्षकेतर कर्मी महेश्वर प्रसाद मेहता, पृथ्वी चंद यादव एवं रामचंद्र यादव को भी अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



