
एक सिद्धहस्त कलाकार के हाथ में है जिला कला और संस्कृति विभाग की कमान
अररिया में जिला कला एवं संस्कृति विभाग की कमान सिद्धहस्त कलाकार सान्याल कुमार के हाथ में है। उनके नेतृत्व में युवा उत्सव और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम कुशलता से आयोजित हो रहे हैं। सान्याल कुमार एक शास्त्रीय गिटार वादक हैं और उन्होंने कई पुरस्कार जीते हैं, जिसमें राष्ट्रीय युवा उत्सव में तीसरा स्थान भी शामिल है।
अररिया, संवाददाता अरसे बाद नहीं बल्कि शायद पहली बार ऐसा हुआ है कि जिला कला एवं संस्कृति विभाग की कमान एक सिद्धहस्त कलाकार के हाथ में है। क्योंकि उनके नेतृत्व में जिला स्तरीय युवा उत्सव सहित जिले में प्रशासन के बैनर तले होने वाले अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों को जिस खूबी और कुशलता से आयोजित किया जा रहा है न केवल वो सराहनीय है। बल्कि जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सान्याल कुमार खुद एक सिद्धहस्त कलाकार भी हैं। बुधवार को जिला स्तरीय युवा उत्सव के समापन समारोह के दौरान हिंदुस्तान से बात चीत में उन्होंने बताया कि वो बुनियादी तौर पर शास्त्रीय गिटार वादक हैं।
वो इंडियन और वेस्टर्न दोनों गिटार बजाते हैं। स्पेनिश गिटार भी बजाते हैं। गिटार वादन में उनकी महारत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि छात्र जीवन में उन्होंने इस विद्या में कई पुरस्कार जीते हैं। अधिकारी बनने से पूर्व अपने जिले में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय युवा उत्सव में वो हर साल नियमित रूप से एक प्रतिभागी के रूप में भाग लेते रहते थे। उन्होंने बताया कि हर बार राज्य स्तर पर आयोजित होने वाले युवा उत्सव में अपनी विधा में उन्हें प्रथम स्थान मिलता रहा। यही नहीं बल्कि वर्ष 2014 में लुधियाना में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय युवा उत्सव में अपनी विधा में उन्हें देश भर में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




