
आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण शिविर में 43 प्रतिभागी हुए लाभान्वित
फारबिसगंज में सक्षम-बुनियाद केंद्र द्वारा आपदा प्रबंधन पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों और दिव्यांगजन को आपदा के समय सुरक्षित रहने और प्राथमिक प्रतिक्रिया देने की जानकारी देना था। एसडीआरएफ टीम ने व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया, जिसमें 43 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
फारबिसगंज, एक संवाददाता। सक्षम-बुनियाद केंद्र, अररिया के द्वारा शुक्रवार को फारबिसगंज प्रखंड के ढोलबज्जा पंचायत भवन में आपदा प्रबंधन से संबंधित विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘सुरक्षित शुक्रवार’ कार्यक्रम के तहत आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य आम नागरिकों तथा दिव्यांगजन को आपदा के समय सुरक्षित रहने, प्राथमिक प्रतिक्रिया देने एवं बचाव तकनीकों की जानकारी देना था। कार्यक्रम में एसडीआरएफ की विशेष टीम ने व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। टीम में इंस्पेक्टर सच्चिदानंद राय, सिपाही प्रेम राज, सत्यप्रकाश एवं चंदन कुमार शामिल थे। टीम ने उपस्थित प्रतिभागियों को भूकम्प के समय सुरक्षित तकनीकें,आकस्मिक बाढ़ एवं डूबने से बचाव, आग लगने की स्थिति में प्राथमिक प्रतिक्रिया, आकाशीय बिजली से सुरक्षा तथा दिव्यांगजनों के लिए विशेष सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया और प्रायोगिक अभ्यास भी कराए।

ढोलबज्जा पंचायत में आयोजित इस कार्यक्रम में पंचायत के प्रमुख प्रतिनिधि गोपी कुमार, मुखिया बिरेन्द्र पासवान,सुरक्षा प्रहरी सहित अन्य स्थानीय प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। कुल 43 प्रतिभागियों ने इस प्रशिक्षण में हिस्सा लिया और आपदा प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण कौशल सीखे। कार्यक्रम के अंत में जिला प्रबंधक नवीन कुमार नवीन ने प्रशिक्षण की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए एसडीआरएफ टीम एवं पंचायत प्रतिनिधियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि सक्षम/बुनियाद केंद्र आगे भी ऐसे जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन जारी रखेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




