Araria News: हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा शिवालय, उमड़े भक्त
Araria News: अररिया जिले में सावन की तीसरी सोमवारी पर भक्तों की भीड़ शिवालयों में उमड़ पड़ी। भक्तों ने विधि विधान से भगवान शिव की पूजा कर सुख और शांति की कामना की। इस दिन सुरक्षा व्यवस्था की गई थी और कई मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना का आयोजन हुआ। भक्तों का उत्साह देखने लायक था।

Araria News: अररिया, निज प्रतिनिधि सावन की तीसरी सोमवारी पर जिले के विभिन्न शिवालयों में पूजन को शिवभक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। ऊं नम: शिवाय, बोल बम व हर-हर महादेव के जयकारे से मंदिर परिसर गुंजायमान होता रहा। शिव भक्तों ने विधि विधान के साथ जलाभिषेक कर सुख, शांति व समृद्धि की कामना की। तीसरी सोमवारी को लेकर शिवालयों में सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई थी। शहर के बाबा खड़गेश्वरनाथ शिव मंदिर, बस स्टैंड शिव मंदिर, पीडब्ल्यूडी शिव मंदिर, माता स्थान शिव मंदिर, ठाकुरबाड़ी स्थित शिवालय, जलेश्वर नाथ शिव मंदिर, खरैया बस्ती शिव मंदिर, अररिया आरएस स्थित शिवालय सहित मदनपुर स्थित मदनेश्वर मंदिर, कुर्साकांटा के सुन्दरनाथ धाम, रानीगंज के बसैटी शिव मंदिर सहित अन्य शिवालयों में तीसरी सोमवारी पर पूजा अर्चना के लिये शिव भक्तों भी खासी भीड़ दिखी।
मंदिरों में बेल पत्र व गंगा जल भगवान शिव पर चढ़ाया गया। भगवान भोलेनाथ की पूजा दूध, दही, घी, शक्कर, गंगाजल, बेलपत्र, भांग, धतूरा, दूब, श्रीफल आदि से करने के बाद भक्तों ने भगवान शंकर से मनोकामनाएं उनकी सवारी नंदी के जरिये मांगी। पंडित बालकृष्ण झा ने बताया कि सावन का सावन माह का खास महत्व है। सावन में भगवान शिव का पूजा-अर्चना करने से भक्तों की मनोकामना पूर्ण होती है। सावन के तीसरी सोमवारी के मौके पर कई शिव मंदिरों में रूद्राभिषेक भी किया गया। सुबह से ही मंदिरों के आसपास भीड़ लगी थी, जिसे नियंत्रित करने के लिए प्रशासन की ओर से पुलिस बल भी मौजूद थे। इसके अतिरिक्त मंदिर प्रबंधनों ने भी अपनी ओर से सुरक्षा व्यवस्था की थी। शिवालय के पंडितों के अनुसार भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा है।


