
यूजीसी इक्वालिटी बिल 2026 लागू करें, नहीं तो होगा देशव्यापी आंदोलन: डॉ शत्रुघ्न मंडल
वंचित मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय संयोजक डॉ शत्रुघ्न मंडल ने केंद्र सरकार से यूजीसी रेगुलेशन इक्वालिटी बिल 2026 को जल्द लागू करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं हुआ, तो संगठन व्यापक जनांदोलन करेगा। उनके अनुसार, उच्च शिक्षण संस्थानों में वंचित वर्गों के साथ भेदभाव की घटनाएँ बढ़ रही हैं।
पलासी, (ए.सं)। वंचित मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय संयोजक सह सिकटी विधानसभा के पूर्व राजद प्रत्याशी डॉ शत्रुघ्न मंडल ने केंद्र सरकार से यूजीसी रेगुलेशन इक्वालिटी बिल 2026 को सख्ती के साथ शीघ्र लागू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार इस दिशा में जल्द ठोस कदम नहीं उठाती है, तो संगठन देशभर में सड़कों पर उतरकर व्यापक जनांदोलन करेगा। डॉ शत्रुघ्न मंडल ने कहा कि देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों में कथित इंस्टीट्यूशनल मर्डर और छात्रों के साथ भेदभाव की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। इनका आरोप है कि कई विश्वविद्यालयों में एससी, एसटी, ओबीसी अल्पसंख्यक एवं अन्य वंचित वर्गों के छात्र-छात्राओं को जाति, धर्म, भाषा, लिंग और क्षेत्र के आधार पर शोषण एवं असमानता का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि विभिन्न रिपोर्टों और आंकड़ों के अनुसार उच्च शिक्षण संस्थानों में वंचित वर्गों के साथ भेदभाव की घटनाओं में वृद्धि दर्ज की गई है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। वहीं, यूजीसी इक्वालिटी एक्ट 2026 को लेकर सकारात्मक चर्चा शुरू होने के बाद कम समय में इसे रोक दिया जाना भी चिंताजनक है। उनके अनुसार यह प्रस्तावित कानून एससी, एसटी, ओबीसी अल्पसंख्यक, ई डब्लूसी, दिव्यांग एवं महिलाओं सहित सभी वर्गों के अधिकारों की सुरक्षा और समान अवसर सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है। डॉ शत्रुघ्न मंडल ने केंद्र सरकार से अपील की कि इस एक्ट में आवश्यक सुधार कर इसे जल्द से जल्द लागू किया जाए, ताकि देश के विश्वविद्यालयों में समानता, सम्मान और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने मांगों पर ध्यान नहीं दिया, तो वंचित मुक्ति मोर्चा लोकतांत्रिक तरीके से देशव्यापी जनांदोलन करेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




