फारबिसगंज में अवैध बालू खनन पर बड़ी कार्रवाई, जेसीबी और ट्रैक्टर ट्रेलर जब्त
फारबिसगंज में अवैध खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अम्हारा में अवैध बालू खनन करते हुए एक जेसीबी और ट्रैक्टर पकड़ा गया। दोनों वाहनों को जब्त कर 11.05 लाख रुपये का दंड लगाया गया। प्रशासन ने कहा कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

फारबिसगंज, निज संवाददाता जिला पदाधिकारी, अररिया के निर्देश पर अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई क्रम में मंगलवार को फारबिसगंज अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मुकेश कुमार साहा के नेतृत्व में संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया। छापेमारी के दौरान फारबिसगंज थानांतर्गत अम्हारा स्थित परमान नदी के किनारे कामता घाट पर अवैध बालू खनन करते हुए एक जेसीबी एवं एक ट्रैक्टर डाला को पकड़ा गया। दोनों वाहनों को जब्त कर फारबिसगंज थाना में अग्रेतर कार्रवाई के लिए सुरक्षित रखा गया है। खनन विभाग द्वारा दोनों पर कुल 11.05 लाख रुपये का दंड अधिरोपित किया गया है तथा विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मुकेश कुमार शाह, थाना अध्यक्ष मनोज कुमार, अपर थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार, दरोगा अजय पासवान, खान निरीक्षक कहकशा फिरदौस सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। एसडीपीओ ने बताया कि खनन विभाग द्वारा विधिवत सीजर बनाकर जब्त वाहन थाना को सुपुर्द किया गया है। वहीं एसडीओ ने स्पष्ट कहा कि अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन का अभियान आगे भी जारी रहेगा और खनन माफियाओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। हालांकि प्रशासन की इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया मगर घटनास्थल पर प्रशासन की आंखों के सामने कई खनन से जुड़े ट्रैक्टर व अन्य वाहन भागने में सफल रहा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


