23 रनों की धमाकेदार जीत से सनहार्ट इलेवन बना चैंपियन
मारवाड़ी युवा मंच द्वारा आयोजित कॉस्मो बाजार एमपीएल सीजन-3 का फाइनल मुकाबला फारबिसगंज में हुआ। सनहार्ट इलेवन ने जेएमडी इलेवन को 23 रनों से हराकर ट्रॉफी जीती। सौरव जैन को उनकी शानदार पारी के लिए 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया। जागृत बैद को मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर का पुरस्कार मिला।

फारबिसगंज, एक संवाददाता। मारवाड़ी युवा मंच द्वारा आयोजित कॉस्मो बाजार एमपीएल सीजन-3 का फाइनल मुकाबला रविवार को स्थानीय पाठशाला ग्राउंड में जबरदस्त उत्साह और रोमांच के बीच खेला गया। खिताबी भिड़ंत में जेएमडी इलेवन और सनहार्ट इलेवन आमने-सामने थीं, जहां सनहार्ट इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 23 रनों से जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। टॉस जीतकर जेएमडी इलेवन ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। शुरुआत में सधी हुई गेंदबाजी से सनहार्ट इलेवन को 8 ओवरों में 71 रन पर 4 विकेट के झटके लगे। लेकिन इसके बाद सौरव जैन ने मोर्चा संभालते हुए 23 गेंदों में ताबड़तोड़ 48 रन ठोक डाले।
उनकी विस्फोटक पारी की बदौलत सनहार्ट इलेवन ने 15 ओवरों में 7 विकेट पर 140 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। 141 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जेएमडी इलेवन की शुरुआत लड़खड़ा गई। टीम ने 8 ओवरों में 51 रन पर 4 विकेट गंवा दिए। मध्यक्रम ने संघर्ष किया,परंतु सनहार्ट इलेवन की अनुशासित गेंदबाजी के सामने लक्ष्य दूर रह गया। अंतत: सनहार्ट इलेवन ने 23 रनों से ऐतिहासिक जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। गेंदबाजी में मयंक सोनावत ने 3 ओवरों में मात्र 18 रन देकर 3 विकेट झटके। विनीत सोनावत, जितेश माहेश्वरी और सूरज जैन ने भी 2-2 विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई। सौरव जैन को उनकी बेहतरीन पारी के लिए 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया। वही पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जागृत बैद को मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर एवं बेस्ट बैट्समैन का पुरस्कार दिया गया। उन्होंने 5 मैचों में 232 के शानदार स्ट्राइक रेट से 216 रन बनाए। जेएमडी इलेवन के कप्तान नवीन नौलखा को बेस्ट बॉलर,जबकि फ्रेंड्स इलेवन के प्रतीक बहैती को बेस्ट फील्डर और रचित खटेर को इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार प्रदान किया गया। समापन के अवसर पर मंच के अध्यक्ष गौरव जैन ने कहा कि यह टूर्नामेंट केवल क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवा ऊर्जा, एकता और सामूहिक प्रयासों का प्रतीक है। उन्होंने सभी फ्रेंचाइजी मालिकों, खिलाड़ियों,प्रायोजकों और दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए आयोजन की ऐतिहासिक सफलता पर खुशी जताई। कॉस्मो बाजार एमपीएल सीजन-3 का यह फाइनल मुकाबला फारबिसगंज के खेल इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में याद रखा जाएगा। वहीं फाइनल मैच देखने बड़ी संख्या में शहरवासी ग्राउंड में मौजूद होकर दोनों टीमों के खिलाड़ियों की हौसलाफजाई की।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



