सदर अस्पताल के उत्तरी गेट बंद करने के प्रयास से नाराजगी, डीएम को ज्ञापन

Dec 30, 2025 01:14 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, अररिया
share Share
Follow Us on

अररिया के सदर अस्पताल में उत्तरी प्रवेश द्वार को बंद करने के प्रयास से मोहल्ले वासियों में नाराजगी है। नगर पार्षद आबिद हुसैन अंसारी के नेतृत्व में लोगों ने डीएम से गुहार लगाई है कि आपातकालीन गेट खुला रखा जाए, क्योंकि यह कई मोहल्लों के मरीजों के लिए आवश्यक है।

सदर अस्पताल के उत्तरी गेट बंद करने के प्रयास से नाराजगी, डीएम को ज्ञापन

अररिया, संवाददाता सदर अस्पताल परिसर की चहारदीवारी के क्रम में उत्तरी प्रवेश द्वार को बंद करने के कथित प्रयास को लेकर आस पास के मोहल्ले वासियों में नाराजगी व्याप्त है। पूर्व की भांति गेट को खुला रखने की अर्जी लेकर सोमवार को वार्ड संख्या 25 के नगर पार्षद आबिद हुसैन अंसारी के नेतृत्व में खलीलाबाद और गाछी टोला के कुछ लोगों का एक शिष्ट मंडल डीएम से मिला और उन्हें आवेदन सौंपा। आवेदन में दो दर्जन से अधिक लोगों के हस्ताक्षर हैं। डीएम विनोद दुहन को दिए आवेदन में कहा गया है कि सदर अस्पताल परिसर में प्रवेश के लिए उत्तरी ओर आपातकालीन गेट बहुत आवश्यक है।

क्योंकि इसी मार्ग से गाछी टोला, खलीलाबाद, भगत टोला, ककोड़वा और मीर नगर आदि के मरीज इमरजेंसी की हालत में अस्पताल पहुंचते रहे हैं। ये भी कहा गया है कि बीते दिनों जब अस्पताल के एक भाग में भीषण आग लग गई थी तो लोग इसी रास्ते का इस्तेमाल कर आनन फानन पहुंचे थे और आग पर काबू पाने में सहयोग किया था। कहा गया है कि पूर्व में भी इस रास्ते को बंद करने का प्रयास अस्पताल प्रशासन द्वारा किया गया था, पर जनहित को देखते हुए प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद रास्ता खुला रखा गया। एक बार फिर इसे बंद करने का प्रयास हो रहा है। आवेदन में डीएम से जांच कर समुचित कार्रवाई का अनुरोध किया गया है। वहीं इस संबंध में पूछे जाने पर मामले की पुष्टि करते हुए नगर पार्षद श्री अंसारी ने बताया कि डीएम ने मामले को खुद देखने और जनहित को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। श्री अंसारी ने कहा कि उत्तर जानिब आपातकालीन रास्ता इस लिए भी जरूरी है क्योंकि जब टाऊन हॉल और सदर अस्पताल के मुख्य द्वार के आस पास जाम की स्थिति उत्पन्न होती है तो इमरजेंसी मामलों में मरीजों को इसी रास्ते से अस्पताल लाना मुमकिन हो पाता है। साथ ही उन्होंने भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी जिला अस्पताल संशोधित गाइडलाइन का हवाला देते हुए कहा कि गाइडलाइन के मुताबिक जिला अस्पताल की चहारदीवारी ऊंची होनी चाहिए और इस दो निकास द्वार होने जरूरी हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;