जयंती पर याद किये गए महान राष्ट्रवादी कवि माखनलाल चतुर्वेदी

Apr 05, 2026 11:18 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, अररिया
share

फारबिसगंज में इंद्रधनुष साहित्य परिषद ने कवि माखनलाल चतुर्वेदी की जयंती मनाई। समारोह की अध्यक्षता बाल साहित्यकार हेमंत यादव ने की। उपस्थित साहित्यकारों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके जीवन पर चर्चा की। माखनलाल चतुर्वेदी को 1963 में पद्मभूषण से सम्मानित किया गया था।

जयंती पर याद किये गए महान राष्ट्रवादी कवि माखनलाल चतुर्वेदी

फारबिसगंज, एक संवाददाता। स्थानीय साहित्यिक संस्था इंद्रधनुष साहित्य परिषद के द्वारा शनिवार को परिषद के वरिष्ठ सदस्य सुरेंद्र प्रसाद मंडल के निवास स्थान पर महान राष्ट्रकवि माखनलाल चतुर्वेदी की जयंती समारोह पूर्वक मनाई गई। समारोह की अध्यक्षता बाल साहित्यकार हेमंत यादव ने की। इस मौके पर सर्वप्रथम उपस्थित साहित्यकारों के द्वारा स्व. माखनलाल चतुर्वेदी की तस्वीर पर श्रद्धासुमन अर्पण कर उन्हें नमन किया गया। उसके बाद पूर्व प्राचार्य हरिशंकर झा, संस्थापक सचिव विनोद कुमार तिवारी, पूर्व प्रधानाध्यापक सुरेंद्र प्रसाद मंडल, उपाध्यक्ष प्रमोद कुमार झा,उप सचिव अरविन्द ठाकुर, हरि नंदन मेहता,पूर्व प्रधानाध्यापक हर्ष नारायण दास,युवा कवि दिवाकर कुमार और सभाध्यक्ष हेमंत यादव ने माखनलाल चतुर्वेदी के बारे में विस्तार पूर्वक बताया।

इस अवसर पर कवयित्री निशा पाठक और सुनील दास ने कविता पाठ किया। वक्ताओं ने बताया कि माखनलाल चतुर्वेदी का जन्म 4 अप्रैल 1889 ई.को मध्य प्रदेश के होशंगाबाद जिले के बबाई गांव में हुआ था और उनका निधन 30 जनवरी 1968 ई. को भोपाल में हुआ। वे भारत के ख्याति प्राप्त कवि, लेखक और पत्रकार थे जिनकी रचनाएँ अत्यंत लोकप्रिय हुईं। सरल भाषा और भावों-भावनाओं के वे अनूठे प्रणेता थे। प्रभा और कर्मवीर जैसे प्रतिष्ठित पत्रों के संपादक रहे माखनलाल जी ने ब्रिटिश शासन के खिलाफ जोरदार प्रसार किया। उनकी कविताओं में देशप्रेम के साथ-साथ प्रकृति और प्रेम का भी चित्रण हुआ है। 1963 ई. में उन्हें भारत सरकार द्वारा पद्मभूषण की उपाधि प्रदान की गई। इस अवसर पर परिषद की ओर से इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए लक्की प्रिया और रिया रानी को पाठ्य सामग्री आदि देकर पुरस्कार प्रदान किया गया। इस अवसर पर अनेक साहित्य प्रेमी उपस्थित थे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।