
स्वामी जी ने भारतीय युवाओं में जगाया स्वाभिमान और पैदा की उम्मीद की किरणें
अररिया के शिवपुरी स्थित परिषद कार्यालय परिसर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से स्वामी विवेकानंद की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर महिला महाविद्यालय में छात्राओं के लिए क्विज प्रतियोगिता और संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख वक्ताओं ने स्वामी विवेकानंद के विचारों पर चर्चा की और युवाओं को प्रेरित किया।
अररिया, वरीय संवाददाता। शिवपुरी स्थित परिषद कार्यालय परिसर में सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद नगर इकाई अररिया की ओर से युवाओं के प्रेरणा स्रोत स्वामी विवेकानंद जी की जयंती समारोह पूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर महिला महाविद्यालय परिसर में छात्राओं के बीच क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया तथा स्थानीय परिषद कार्यालय में संगोष्ठी का आयोजन किया गया समारोह की अध्यक्षता परिषद के नगर अध्यक्ष प्रोफेसर अनिल मिश्रा ने की। समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित परिषद के प्रदेश एसएफडी प्रमुख सह पूर्णिया विश्वविद्यालय के सिंडिकेट सदस्य प्रोफेसर एमपी सिंह, महिला महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर अभिनव कुमार सिंह तथा प्रोफेसर अनिल मिश्रा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर प्रो एमपी सिंह ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी आधुनिक भारत के महान चिंतक, महान देशभक्त, युवा संन्यासी तथा आदर्श व्यक्तित्व के धनी थे। गुरुदेव रवींद्रनाथ ठाकुर ने एक बार कहा था कि- यदि आप भारत को जानना चाहते हैं तो विवेकानंद जी को पढ़ें"। उसमें सब कुछ सकारात्मक पाएंगे, नकारात्मक कुछ भी नहीं। विवेकानंद जी ने भारत से आह्वान किया- उठो! जागो ! लक्ष्य प्राप्ति तक रुको मत। यही वह ध्वनि है जिसने इस राष्ट्र को घोर निंद्रा से जगाया। एमपी सिंह ने कहा कि भारतीय सांस्कृतिक चेतना में नई जान फूंकने वाले स्वामी विवेकानंद जी ने भारतीय युवाओं में स्वाभिमान को जगाया और उम्मीद की नई किरण पैदा की। स्वामी जी का सोच था कि- शिक्षा है जीवन के लिए तथा जीवन है वतन के लिए। उन्होंने कहा कि स्वामी जी का सपना था भारत को विश्व गुरु बनाना। उन्होंने छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि यदि स्वामी जी के सपनो का भारत बनाना है तो क्षेत्रवाद , जातिवाद तथा धर्मवाद से ऊपर उठना होगा। इस अवसर पर अनिल मिश्रा ने कहा कि स्वामी जी के जीवन से हम लोगों को प्रेरणा लेकर त्याग तथा देश के लिए समर्पण की भाव को पैदा करना होगा और राष्ट्र के विकास में अपना योगदान देना होगा। प्रोफेसर अभिनव कुमार ने भी संगोष्ठी को संबोधित किया। संगोष्ठी समारोह में कॉलेज मंत्री कौशेन आलम, भोला राठौर, जितेंद्र प्रियांशु, विनीत कुमार, अंशु आर्यन, सौरभ कुमार, जितेंद्र कुमार, पप्पू कुमार ,मोहन कुमार ,अल्तमश, प्रिया रानी, लक्ष्मी कुमारी ,सिमरन, जगदंबा वर्मा आदि उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




