एक बार फिर अररिया सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की मिली धमकी
अररिया सिविल कोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है, जिससे परिसर में हड़कंप मच गया है। जिला जज के ई-मेल पर भेजी गई धमकी के बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जांच में अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन पुलिस और साइबर सेल मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं।

अररिया, निज संवाददाता एक बार फिर अररिया सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी मिलने के बाद गुरुवार को सिविल कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। इसके बाद कोर्ट परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गयी। जानकारी के अनुसार इस बार भी जिला जज के ऑफिसियल ई-मेल पर धमकी दी गयी है। इसके बाद डॉग स्क्वायड से कोर्ट परिसर की जांच की। सुरक्षा एजेंसियां मेल के स्रोत और भेजने वाले की पहचान करने में लगी हैं। साइबर सेल की टीम भी ई-मेल की तकनीकी जांच कर रही है, ताकि धमकी देने वाले तक पहुंचा जा सके। फिलहाल जांच के दौरान किसी भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।
इधर धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कोर्ट परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हर बिंदु पर जांच की जा रही है। किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद पूरे कोर्ट परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।डॉग स्क्वायड और पुलिस की टीमों ने कोर्ट परिसर के हर हिस्से की बारीकी से जांच की। एहतियात के तौर पर कोर्ट परिसर में मौजूद लोगों को सतर्क किया गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। एसडीपीओ सुशील कुमार सदलबल के साथ कोर्ट परिसर का मुआयना किया। उन्होंने मुख्य प्रवेश द्वार सहित परिसर के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया। कोर्ट के दोनों मुख्य द्वार पर अतिरिक्त पुलिस को तैनात किया गया। पुलिस बल ने पूरे परिसर की गहन जांच की, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।इसके अलावा कोर्ट आने वाले मुवक्किलों की गहन तलाशी के बाद ही उसे अंदर जाने की इजाजत मिली। एसपी जितेन्द्र कुमार ने कहा कि ई-मेल के जरिए कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। कोर्ट परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों को लगाया गया है। हालांकि अभी तक जांच के दौरान कोर्ट परिसर से कोई भी आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई है।साइबर सेल की टीम ई-मेल के सोर्स और भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हुई है। 08 जनवरी और 28 जनवरी को मिली थी धमकी: बता दें कि सवा महीने के अंदर यह तीसरी घटना है। जब कोर्ट को उड़ाने की धमकी दी गयी है। इससे पहले 08 जनवरी को बिहार के 4 सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गयी थी।इसमें अररिया का सिविल कोर्ट भी शामिल था।इसके बाद 28 जनवरी को भी अररिया सहित बिहार के कई कोर्ट को उड़ाने की धमकी गयी थी। सिविल कोर्ट को धमकी मिलने से वकीलों में दहशत है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



