जयनगर पंचायत के वार्ड संख्या नौ में बनेगा विद्युत उपकेन्द्र
भरगामा। निज संवाददाता महथावा बाजार स्थित सिंचाई विभाग की जमीन पर प्रस्तावित विद्युत उपकेंद्र

भरगामा। निज संवाददाता महथावा बाजार स्थित सिंचाई विभाग की जमीन पर प्रस्तावित विद्युत उपकेंद्र निर्माण के लिए सिंचाई विभाग की ओर से जमीन देने से इनकार कर देने के बाद क्षेत्रीय विधायक देवयंती यादव ने अधिकारियों के साथ मंगलवार को जयनगर गांव पहंुचकर बिहार सरकार की एक जमीन का मुआयना किया। जानकारी के अनुसार पूर्व में सिरसिया-हनुमानगंज पंचायत के महथावा बाजार स्थित कोशी कॉलोनी के समीप कोशी विभाग की भूमि पर विद्युत उपकेंद्र निर्माण की योजना थी, लेकिन कोशी विभाग द्वारा अपनी जमीन पर विद्युत उपकेंद्र निर्माण पर रोक के चलते कार्य आगे नहीं बढ़ सका। इसके बाद विधायक देवंती यादव के निर्देश पर भरगामा अंचल प्रशासन ने वैकल्पिक स्थल के रूप में जयनगर पंचायत के वार्ड संख्या नौ में बिहार सरकार की जमीन को चिन्हित किया गया।
इसके बाद विधायक ने अधिकारियों के साथ उक्त चिन्हित जमीन का अधिकारियों के साथ पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विधायक ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने के लिए अग्रेतर कार्रवाई करने के लिए कहा। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी मांग को हर हाल में पूरा किया जाएगा। विधायक देवंती यादव ने कहा कि विद्युत उपकेंद्र के निर्माण से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था सुदृढ़ होगी। इस इलाके के ग्रामीण लो वोल्टेज और बार-बार बिजली कटौती की समस्या से परेशान हैं। विद्युत उपकेंद्र बन जाने से लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि उपकेंद्र तक पहुंच के लिए अविलंब पहुंच पथ (एप्रोच रोड) का निर्माण कराया जाएगा, ताकि निर्माण कार्य में किसी तरह की बाधा न आए। मौके पर बीडीओ शशि भूषण सुमन, सीओ निरंजन कुमार मिश्र, मनरेगा पीओ प्रशांत कुमार राय, आरओ रविराज कुमार सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




