फाइलेरिया एक गंभीर बीमारी, समय पर इसकी पहचान बेहद जरूरी
बिहार स्वास्थ्य विभाग ने फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी को खत्म करने के लिए टॉस-01 कार्यक्रम शुरू किया है। 29 मई तक सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों में कक्षा एक और दो के छह वर्ष आयु के बच्चों की विशेष जांच की जाएगी। कार्यक्रम का उद्देश्य बीमारी के प्रारंभिक लक्षणों की पहचान करना और बच्चों को स्वास्थ्य समस्याओं से बचाना है।

फारबिसगंज, एक संवाददाता। फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी को जड़ से खत्म करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। बिहार स्वास्थ्य विभाग की ओर से टॉस-01 कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अभियान के तहत 29 मई तक सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों में कक्षा एक और दो में पढ़ने वाले छह वर्ष आयु के बच्चों की विशेष जांच की जाएगी। कार्यक्रम का उद्घाटन रेफरल अस्पताल मोड़ स्थित पुरानी पीएचसी परिसर में किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम को जांच कार्य के लिए रवाना किया गया। अधिकारियों ने कहा कि समय रहते बीमारी की पहचान होने पर बच्चों को गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. अजय कुमार सिंह, डॉ. राजीव कुमार बसाक और बीएचएम हाजी सईद उज्जमा ने संयुक्त रूप से अभियान की शुरुआत की। पीएचसी प्रभारी ने बताया कि इस विशेष अभियान के तहत बच्चों की स्वास्थ्य जांच कर फाइलेरिया के संभावित लक्षणों की पहचान की जाएगी। इसके बाद जरूरत पड़ने पर उपचार और रोकथाम की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि फाइलेरिया एक गंभीर बीमारी है, इसलिए इसकी समय पर पहचान बेहद जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन से भी इस अभियान में सहयोग की अपील की है। बीएचएम हाजी सईदजुज्मा ने बताया कि टॉस-01 कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रतिदिन पांच टीमों को अलग-अलग विद्यालयों में भेजा जाएगा। हर टीम में पांच स्वास्थ्यकर्मी शामिल रहेंगे, जो बच्चों की जांच करेंगे। अभियान के पहले दिन से ही शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के चिन्हित पांच विद्यालयों में छह वर्ष आयु के बच्चों की स्क्रीनिंग शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों में फाइलेरिया के शुरुआती लक्षणों की पहचान कर बीमारी को फैलने से रोकना है। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी और विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


