हिन्दुस्तान में खबर छपने के बाद डीएम ने लिया एक्शन, एसडीओ से मांगी रिपोर्ट
अररिया के ग्रामीणों ने भलुआ नदी पर पुल निर्माण की मांग की है, जिसके लिए डीएम विनोद दूहन ने एसडीओ को स्थल जांच का आदेश दिया। बरसात में नदी का जलस्तर बढ़ने से गांवों में आवागमन बाधित हो जाता है। प्रशासन की सक्रियता से ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि पुल निर्माण से उनकी समस्याओं का समाधान होगा।

अररिया, निज संवाददाता बिहार के लोकप्रिय अखबार ‘हिन्दुस्तान’ के 19 मई के अंक में भलुआ नदी पर पुल निर्माण की मांग, जताया विरोध शीर्षक से प्रकाशित खबर पर डीएम विनोद दूहन ने एक्शन लेते हुए सदर एसडीओ से स्थल जांच कर विस्तृत रोपोर्ट देने को कहा। वर्षों से पुल निर्माण की मांग कर रहे ग्रामीणों की आवाज जब मीडिया के माध्यम से सामने आई तो संबंधित विभाग एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया। खबर प्रकाशित होते ही बुधवार को एसडीओ बलबीर दास मौके पर पहुंचे और स्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।जानकारी के अनुसार अररिया प्रखंड के नव्वा पाखर घाट पर पुल नहीं होने के कारण आसपास के दो दर्जन गांवों के हजारों लोगों को प्रतिदिन भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
खासकर बरसात के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ जाने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। स्कूली बच्चों, मरीजों, किसानों और महिलाओं को जान जोखिम में डालकर नाव अथवा अस्थायी चचरी पुल के सहारे नदी पार करनी पड़ती है। कई बार हादसे की आशंका भी बनी रहती है। ग्रामीणों ने बताया कि पुल निर्माण को लेकर कई वर्षों से जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से मांग की जा रही थी, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हो सकी थी।हिन्दुस्तान अखबार में खबर छपने के बाद प्रशासन की सक्रियता बढ़ी है।मौके पर पहुंचे एसडीओ ने ग्रामीणों से बातचीत कर समस्या की जानकारी ली और पुल निर्माण के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन दिया। एसडीओ बलबीर दास ने कहा कि स्थल निरीक्षण प्रतिवेदन तैयार कर जिलाधिकारी को भेजी जाएगी, ताकि आगे की कार्रवाई शीघ्र हो सके।इधर प्रशासन की पहल के बाद ग्रामीणों में उम्मीद जगी है। लोगों का कहना है कि यदि पुल का निर्माण हो जाता है तो वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा तथा क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


