18 मई 2026 से शुरू होगी जनभागीदारी: सबसे दूर, सबसे पहले
अररिया में 18 से 25 मई तक जनजातीय बहुल गांवों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसका शुभारंभ डीएम विनोद दूहन करेंगे। अभियान के दौरान विभिन्न सेवाओं के लिए आवेदन, प्रमाण पत्र वितरण और स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह अभियान अनुसूचित जनजाति समुदाय की समस्याओं के त्वरित समाधान पर केंद्रित है।

अररिया, वरीय संवाददाता जनजातीय कार्य मंत्रालय भारत सरकार की ओर से अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग के माध्यम से जनजातीय बहुल गांव में 18 से 25 मई तक जनभागीदारी: सबसे दूर, सबसे पहले अंतर्गत जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान की शुभारंभ डीएम विनोद दूहन 18 मई को समाहरणालय में करेंगे। इस अभियान के तहत पलासी प्रखंड अंतर्गत 05 पंचायतों के 10 अनुसूचित जनजाति बाहुल्य गांव यथा बलुआ (पंचायत- बलुआ कलियागंज), रामनगर (पंचायत- कुजरी), बेलवाड़ी, बेनी, लोखडा (पंचायत- पकड़ी), दीपनगर, बड़गांव, सोनाकन्दर (पंचायत- नकटाखुर्द) खपड़ा, बरौली (पंचायत- बरहकुंबा) में दिनांक 19 से 25 मई तक शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिसमें विभिन्न सेवाओं के लिए आवेदन प्राप्त कर उनका निष्पादन कर प्रमाण पत्र का वितरण तथा मेडिकल कैम्प के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
अभियान के सफल संचालन के लिए जिला कल्याण पदाधिकारी अररिया को नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है। यह जनकारी जिला प्रशासन के हवाले से जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शंभू रजक ने दी। बताया कि कैम्प के दौरान 21 से 25 मई तक जनसुनवाई के माध्यम से अनुसूचित जनजाति समुदाय के लोगों से समस्याएं प्राप्त की जाएंगी तथा उनका त्वरित निष्पादन भी कराया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों को सरकारी सुविधाओं का सहज लाभ प्रदान करना है। अभियान के सम्बन्ध में अन्य कोई जानकारी के लिए सम्बंधित पंचायत के विकास मित्र अथवा संबंधित प्रखंड के प्रखंड कल्याण पदाधिकारी से संपर्क किया जा सकता है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


