
टूर्नामेंट के पहले मैच में सीवान ने मुज़फ़्फरपुर तथा बेगूसराय ने समस्तीपुर को हराया
फारबिसगंज में एएसआर कप टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट की शुरुआत हुई। पहले दिन सीवान ने मुज़फ़्फरपुर को 4 विकेट से हराया, जबकि बेगूसराय ने समस्तीपुर को 8 विकेट से मात दी। विधायक मनोज विश्वास ने टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। अगले मैच में भागलपुर और पटना की टीमें भिड़ेंगी।
फारबिसगंज, निज संवाददाता। स्थानीय हवाईअड्डा मैदान पर आयोजित एएसआर कप टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट की धमाकेदार शुरुआत शुक्रवार को हुई। पहले ही दिन हुए दो रोमांचक मुकाबलों में सीवान ने मुज़फ़्फरपुर को तथा बेगूसराय ने समस्तीपुर को हराकर जीत दर्ज की। दोनों मैचों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी और घातक गेंदबाज़ी देखने को मिली। पहले मुकाबले में टॉस हारकर मुज़फ़्फरपुर ने बल्लेबाज़ी की और निर्धारित 15 ओवर में 140 रनों का स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिवान की टीम ने 13.5 ओवर में 6 विकेट खोकर 142 रन बनाकर मैच चार विकेट से जीत लिया।सिवान के मुलायम ने तीन विकेट और 9 गेंदों पर 20 रन बनाकर शानदार प्रदर्शन किया, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

वहीं दूसरे मुकाबले में शांतिनिकेतन बेगूसराय के कप्तान गुड्डू यादव ने टॉस जीतकर समस्तीपुर को बल्लेबाज़ी के लिए आमंत्रित किया। समस्तीपुर की टीम ने 14 ओवर में 6 विकेट पर 221 रन का विशाल स्कोर बनाया, जिसमें कप्तान सोनू यादव ने 28 गेंदों पर 81 रनों की धुआंधार पारी खेली। जवाब में उत्तरी बेगूसराय की टीम ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए 13.3 ओवर में 8 विकेट पर 226 रन बनाकर मैच जीत लिया। 25 गेंदों पर 74 रन ठोकने वाले गुड्डू यादव को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। विधायक ने किया टूर्नामेंट का उद्घाटन- इससे पूर्व स्थानीय विधायक मनोज विश्वास ने गुब्बारे उड़ाकर टूर्नामेंट का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह अब बिहार का सबसे बड़ा टूर्नामेंट बन चुका है, जो नए क्रिकेटरों को बड़ा प्लेटफॉर्म प्रदान कर रहा है। आयोजकों का प्रयास सराहनीय है। उन्होंने एमएससीसी एवं भास्कर सिंह सहित पूरी आयोजन टीम की प्रशंसा की। वहीं बजाज ग्रुप के सीईओ विजय प्रकाश उर्फ प्रिंस ने भी इस आयोजन को युवाओं के लिए ऊर्जा का स्रोत बताया। आयोजन में भास्कर सिंह, कुणाल, सज्जन कुमार, राजा, अभिषेक, सद्दाम, मेहताब, रोहित सहित बड़ी संख्या में युवा क्रिकेटर सक्रिय दिखे। आज होगा भागलपुर बनाम पटना का हाई-वोल्टेज मुकाबला- शनिवार को टूर्नामेंट का पहला मुख्य मैच भागलपुर और पटना के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमें मुकाबले के लिए फारबिसगंज पहुंच चुकी हैं। मैच को देखने के लिए भारी भीड़ की संभावना जताई जा रही है। दूसरा मुकाबला फारबिसगंज और अररिया की टीमों के बीच खेला जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


