अररिया हटिया रोड में प्रतिदिन जाम, राहगीर और चालक परेशान

Newswrap हिन्दुस्तान, अररिया
share

अररिया के हटिया रोड पर दिनभर जाम की समस्या बनी रहती है, जिससे राहगीरों और चालकों को कठिनाई होती है। मालवाहक वाहनों का ठहराव और फुटपाथ पर ठेलों की वजह से जाम की स्थिति बनती है। स्थानीय व्यवसायियों ने सब्जी मंडी स्थापित करने की मांग की है, लेकिन नगर परिषद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठा पाई है।

अररिया हटिया रोड में प्रतिदिन जाम, राहगीर और चालक परेशान

अररिया, निज संवाददाता शहर के हटिया रोड में सुबह से शाम तक आए दिन जाम लग रहा है। इससे न सिर्फ राहगीर बल्कि चालकों को वाहन लेकर आने-जाने में दिक्कत होती है। इसका मुख्य कारण मालवाहक वाहन को खड़ा कर सब्जी व किराना सामान उतारना और अतिक्रमण है। यही नहीं इस मार्ग पर सड़क के बीचों बीच सब्जी व फलों के ठेले लगी रहती है।इससे राहगीरों को और अधिक परेशानी होती है। दरअसल शहर में कहीं भी सब्जी की थोक मंडी नहीं है। इसलिए कारोबारी हटिया रोड में किराए की दुकान लेकर व्यवसाय कर रहे हैं। हालांकि यहां के थोक विक्रेता काफी दिनों से शहर के आसपास में सब्जी मंडी स्थापित करने की मांग कर रहे हैं।

लेकिन,नगर परिषद को अभी तक जमीन नहीं मिल सकी।हटिया रोड में मिले दीपक कुमार व महेश मधुकर ने कहा कि यह समस्या रोज की है।जदयू नेता सह अधिवक्ता सुनील चंद्रवंशी ने कहा कि अररिया शहर में सड़क जाम एक बड़ी समस्या बनकर खड़ी हुई है और दिनों दिन यह बढ़ती जा रही है। ऐसे में अनुमंडल और नगर परिषद प्रशासन सड़क से अतिक्रमण हटाने को लेकर ठोस रणनीति बनावे और उसे पर अमल करें ताकि आम लोगों को सड़क पर चलने में सहूलियत हो। हालांकि अनुमंडल व नगर परिषद प्रशासन शहर के अन्य मार्ग से कभी कभार तो अतिक्रमण हटाती भी है,लेकिन अधिकारियों की नजर इस समस्या की ओर इनायत नहीं हो रही है।इससे छात्र- छात्राओं,महिलाओं, वृद्धों, वाहन चालकों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। जबकि चांदनी चौक के पास पुलिस तैनात रहती है। पुलिस चौक के आसपास की यातायात व्यवस्था देखती है। लेकिन हटिया रोड में लगने वाले जाम से वह अंजान रहती है। नगर परिषद के तत्कालीन मुख्य पार्षद रितेश कुमार राय ने पनार नदी किनारे हरियाली मार्केट में सब्जी व फल दुकान शिफ्ट करने का प्लान तैयार किया था। उन्होंने अधिकारियों के साथ इसको लेकर बात भी की थी।लेकिन यह मामला अभी तक लटका हुआ है।सब्जी लेने अधिकतर लोग हटिया रोड नहीं जाते:जाम रहने की वजह से अधिकतर शहरवासी सुबह-शाम में हटिया रोड स्थित सब्जी खरीदने के बजाय बस स्टेंड के आस पास खरीदते हैं। ऑटो,टोटो व सब्जी लदी वाहनों का जाम एक बड़ी समस्या बन गई है।जाम की वजह से लोगों खरीददारी में कठिनाई होती है।स्थानीय शहर वासियों का कहना है कि मामले की शिकायत कई बार नगर परिषद प्रशासन से पूर्व में की गई है। लेकिन, इस समस्या का हल नहीं निकाला जा रहा है।वाहन ही नहीं अतिक्रमण की समस्या भी करती है परेशान:हटिया रोड स्थित सब्जी मंडी में सिर्फ मालवाहन वाहन ही नहीं, सड़क व फुटपाथ पर ठेला लगाकर कारोबार करने से भी समस्या उत्पन्न हो रही है। सुबह सात बजे से दस बजे के बाद तक मंडी के पास वाहन खड़े दिखते हैं, तो दूसरी ओर सब्जी से सजे ठेले दिखाई देते हैं।स्थायी दुकान के आगे खुदरा सब्जी विक्रेता का अपनी दुकान लगाते हैं।बड़ी दुकान के आगे और सड़क किनारे जगह-जगह बाइक भी खड़ी कर दी जा रही है।ऐसे में खरीददारी के जाने वाले लोगों को अपने घर लौटने के लिए दाएं-बाएं होकर जिधर से रास्ता मिल जाता है,उधर से निकलने की कोशिश करती हैं।बोले पदाधिकारी:शहर की सड़क और फुटपाथ से अभियान चलाकर अतिक्रमण को हटाया गया है। अगर दुकानदार फिर से सड़क पर दुकान लगा कर अतिक्रमण कर रहे हैं तो उन्हें हटाते हुए जुर्माना वसूले जाने की कार्रवाई की जाएगी।-चन्द्रराज प्रकाश, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद, अररिया

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।