
अब एक ही भवन में शिफ्ट होंगे शिक्षा विभाग के सभी कार्यालय
अररिया, वरीय संवाददाता वर्ष 2025 जाते में जिले को कई सौगातें देकर जा
अररिया, वरीय संवाददाता वर्ष 2025 जाते में जिले को कई सौगातें देकर जा रही हैं। मसलन-अररिया-गलगलिया रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन, बहुप्रतीक्षित सीमा सड़क आदि। इसी श्रेणी में है जिले का बहु प्रतीक्षित शिक्षा भवन। जी हां बहुत जल्द शिक्षा विभाग के तमाम कार्यालय एक ही भवन में शिफ्ट हो जाएंगे। इसके लिए जिला मुख्यालय स्थित प्लस टू बालिका उवि परिसर में 65 वर्ग फीट जमीन पर 4.41 करोड़ की लागत से चार मंजिला भवन बनकर तैयार है। केवल उद्घाटन का इंतजार है। बिजली व पानी का कनेक्शन कर दिया गया है। फर्नीचर का काम अंतिम चरण में है। डीईओ संजय कुमार ने कहा कि सब कुछ ठीक ठाक रहा तो इसी सप्ताह शिक्षा भवन में ही सभी कार्यालय काम करना शुरू कर देंगे।

इससे सभी को राहत मिलेगी। बिल्डिंग निर्माण करा रहे शिव विजय इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड के संवेदक ने बताया कि यह चार मंजिला बिल्डिंग आधुनिक सुविधाओं से पूरी तरह लैस हैं। 15 कमरे और तीन बड़े-बड़े मीटिंग हॉल भी हैं। जिलेवासियों के लिए सौगात से कम नहीं: बताया गया कि काफी मशक्कत के बाद शिक्षा भवन निर्माण के लिए जमीन चिह्नित कर चार करोड़ 40 लाख 60 हजार 19 रूपये का डीपीआर बनाकर विभाग को पटना भेजा गया था। डीपीआर की स्वीकृति मिलने के बाद शिक्षा विभाग ने अररिया के साथ अन्य जिलों का भी प्राक्कलन तैयार कर लोक वित्त समिति के पास भेजी। वहां से भी स्वीकृति मिलने और राशि आवंटित होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। शिक्षा भवन जिलेवासियों के लिए सौगात से कम नहीं है। जहां-तहां संचालित हैं शिक्षा विभाग के कार्यालय: फिलहाल शिक्षा विभाग के कार्यालय जहां-तहां संचालित हैं। डीईओ, स्थापना व योजना लेखा कार्यालय कलेक्ट्रेट स्थित एक भवन में चल रहे हैं तो वहीं जिला एमडीएम कार्यालय रेडक्रॉस के सामने पुराने जर्जर डीएसई कार्यालय में संचालित हैं। जबकि एसएसए डीपीओ व शिक्षा विभाग के अन्य कार्यालय दूरी छोर पर दो किमी दूर एनएच से पश्चिम चंद्रा चौक पर संचालित हैं। शहर के अलग-अलग कोने में शिक्षा विभाग के कार्यालय चलने से इसकी मानीटरिंग में वरीय अधिकारियों को परेशानी तो होती ही है शिक्षकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। शिक्षा भवन बनने से इन समस्याओं से निजात मिलने की उम्मीद है। समग्र शिक्षा सह स्थापना डीपीओ राशिद नवाज ने बताया कि बहुत जल्द जिला मुख्यालय के शिक्षा विभाग के सभी कार्यालय एक ही छत के नीचे होंगे। बताया कि जिले में एक शिक्षा भवन बनाने की राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। दस्तावेजों का बेहतर ढंग से होगा रख रखाव: डीईओ संजय कुमार ने बताया कि शिक्षा विभाग के ऑफिस अलग-अलग जगहों पर है। इस वजह से समन्वय स्थापित करने मे परेशानी होती है। शिक्षा विभाग का कहना है कि पिछले कई वर्षों मे काफी तादाद मे शिक्षकों की नियुक्ति हुई है। आगे भी बड़ी संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति की योजना है। शिक्षकों की नियुक्ति एकीकृत व केंद्रीयकृत तरीके से होगी जहां अभिलेखों का संधारण जिला और मुख्यालय स्तर पर किया जाना है। वैसे परिवेश मे जिले मे शिक्षकों का कार्य बल अधिक होगा। शिक्षकों से जुड़े हुए अभिलेखों, दस्तावेज, प्रमाणपत्रों आदि के रखरखाव के लिए शिक्षा भवन का निर्माण से कई फायदे होंगेे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




