आठ करोड़ से बने एसएसबी बिल्डिंग का गृहमंत्री किया उद्घाटन
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अररिया जिले के सिकटी प्रखंड में एसएसबी के लेटी बीओपी कैंप में नवनिर्मित प्रशासनिक भवन का उद्घाटन किया। इस भवन में आधुनिक सुविधाएं हैं और इसके निर्माण में आठ करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इससे पहले, उन्होंने जोगबनी और बथनाहा में भी आवासीय कार्यालयों का उद्घाटन किया था।

अररिया/कुर्साकांटा/ सिकटी, हिन्दुस्तान टीम भारत सरकार के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरूवार को हेलीकाप्टर से जिले के सिकटी प्रखंड स्थित एसएसबी के लेटी बीओपी कैंप पहुंचे। परिसर में बने हैलीपेड पर ही उनकी आगवानी केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी व स्थानीय विधायक विजय कुमार मंडल ने की । मौके पर डीएम विनोद दूहन, एसपी जितेन्द्र कुमार सहित एसएसबी के वरीय अधिकारी मौजूद थे। हैलीपेड से गृहमंत्री अमित शाह सीधे उद्घाटन स्थल पर पहुंचे। यहां उन्होंने लेटी में नवनिर्मित प्रशासनिक सह आवासीय भवन के साथ-साथ इंदरवा बीओपी का उद्घाटन किया। साथ ही एसएसबी की विविध परियोजनाओ का लोकार्पण व शिलान्यास भी किया।
इस मौके पर श्री शाह ने जवानों को बधाई दी और आशा जताई कि वे और अधिक उत्साह के साथ सीमा सुरक्षा में जुटे रहेंगे। यहां बता दें कि लेटी एसएसबी कैंप का नवनिर्मित भवन आधुनिक सुविधा से लैस है। इसके निर्माण में करीब आठ करोड़ की राशि खर्च की गई है। एसएसबी 52वीं बटालियन हेड क्वार्टर अररिया अंतर्गत लेटी का पहला प्रशासनिक भवन है। ये दो मंजिला है। इसमें करीब 250 जवान व अधिकारियों के रहने के लिए कई कमरे बने हैं। बाथरूम से लेकर अन्य सुविधा का ध्यान रखकर इसे डिजाइन किया गया है। एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि इस दो मंजिला भवन में जवानों को रहने के लिए आवास, भोजनालय, रसोईघर, बाथरूम, कार्यालय, समीक्षा हॉल, मीटिंग हॉल, शास्त्रागर, वीआईपी रूम, खेल का मैदान, पार्किंग, पार्क सहित कई सुविधा से लैस है। साथ हीं संतरी पोस्ट का भी निर्माण किया गया है। गृहमंत्री जोगबनी व बथनाहा को भी दे चुके हैं तोहफा: इससे पहले 16 सितंबर 2023 को पहली बार अररिया आए केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने 27 करोड़ की लागत से जोगबनी में और 35 करोड़ की लागत से बथनाहा में आवासीय बिल्डिंग सह कार्यालय का उद्घाटन किये थे। ये आवासीय सह कार्यालय भी सारी सुविधाओं से लैस है। जोगबनी आईसीपी के आवासीय कॉलोनी में जहां 240 जवान रह सकते हैं वहीं बथनाहा में 160 सुरक्षाकर्मी। दोनो जगहों के नये बिल्डिंग चार-चार ब्लॉट में बंटे हैं। जोगबनी व बथनाहा के बाद लेटी बीओपी कैंप के अधिकारियों व जवानों को यह तोहफा दी गयी है। इधर अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह व सिकटी विधायक विजय कुमार मंडल ने कहा कि दिन-रात देश की सेवा में जुटे एसएसबी जवानों के लिए केन्द्र सरकार एक से बढ़कर सौगाते दे रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



