विभिन्न मांगों के समर्थन में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर गये एम्बुलेंस चालक
अररिया के 102 एम्बुलेंस कर्मचारी शुक्रवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। कर्मचारियों ने श्रम अधिनियम के तहत वेतन और अन्य सुविधाओं की मांग की है। हड़ताल के कारण मरीजों को गंभीर समस्याओं का सामना...

सदर अस्पताल परिसर में एम्बुलेंस खड़ी कर मांगों के समर्थन में आवाज की बुलंद अररिया, निज प्रतिनिधि श्रम अधिनियम के तहत वेतन समेत अन्य सुविधा आदि मांगों के समर्थन में जिलेभर के 102 एम्बुंलेस कर्मचारी शुक्रवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गये। 102 एम्बुलेंस कर्मचारी संघ के बैनर तले शुरू अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण जिले में रेफरल मरीजों का हाल बेहाल है। मरीज को अस्पताल से घर लाने और ले जाने के अलावा गंभीर स्थिति में हायर सेंटर रेफर किए गए मरीज को एंबुलेंस नहीं मिल रहा है। ऐसे मरीजों को या तो निजी एंबुलेंस पर निर्भर रहना पड़ता है या फिर ऑटो समेत दूसरे वाहनों का सहारा लेना पड़ता है।
हड़ताल की वजह से जिले भर में मरीज परेशान नजर आए। मरीज के परिजनों का कहना है कि एंबुलेंस के लिए कॉल करने के बावजूद किसी तरह का रिस्पांस नहीं मिल रहा है। एंबुलेंस चालकों की हड़ताल की बात कह कर पल्ला झाड़ लिया जाता है। ऐसे में मरीजों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ती है। ऑटो समेत दूसरे वाहनों से मरीज ढोये जा रहे हैं, जिमनें न तो ऑक्सीजन की सुविधा रहती है और ना ही मेडिकल अटेंडेंट रहते हैं। शुक्रवार को भी जिले के अलग-अलग जगहों से आये एम्बुलेंस चालक दिनभर सदर अस्पताल परिसर में एम्बुलेंस खड़ी रखकर मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद करते नजर आए। बिहार राज्य 102 एम्बुलेंस कर्मचारी संघ के जिला शाखा की ओर शुरू आंदोलनरत एम्बुलेंस कर्मियों ने कहा कि 102 एम्बुलेंस चालक व ईएमटी को श्रम संसाधन विभाग की ओर से घोषित न्यूनतम मजदूरी 21 हजार रूपये मिले, सभी कर्मचारियों को एजेंसी की ओर से बिना शर्त नियुक्ति पत्र व स्लिप दिया जाय, एम्बुलेंसकर्मी को ईएसआईसी एवं ईपीएफ का कंट्रीब्यूशन अंशदान कार्यालय को ससमय जमा हो, दुर्घटना बीमा का लाभ मिले, कार्यअवधि में मृत्यु पर 20 रूपये मुआवजा का प्रावधान हो, वर्ष 2024 के नवंबर माह में कटे हुए वेतन का पूर्ण भुगतान किया जाय। एम्बुलेंस कर्मियों ने कहा कि एजेंसी द्वारा उनलोगों से प्रतिदिन आठ घंटे के बदले 12 घंटे डयूटी लिया जाता है और बदले में महज 10 हजार 200 रूपये का वेतन भुगतान किया जाता है। एम्बुलेंस कर्मियों ने कहा कि अगर उनलोगों की मांगों पर जल्द से जल्द विचार करते हुए उसे पूरा का प्रयास नहीं किया गया आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




