
गीत-संगीत के जरिये कलाकार वोटरों को मतदान के प्रति कर रहे जागरूक
संक्षेप: अररिया जिले में आईसीडीएस, शिक्षा विभाग, कल्याण विभाग और जीविका की ओर से स्वीप गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। अमर आनंद और पल्लवी जोशी जैसे गायकों के माध्यम से मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक किया जा रहा है। 11 नवंबर को मतदान होने वाला है, जिसमें रैलियों और कार्यक्रमों के जरिए अधिक से अधिक लोगों को शामिल करने का प्रयास किया जा रहा है।
गायक अमर आनंद, पल्लवी जोशी व अन्य गायक लोगों को कर रहे प्रेरित आईसीडीएस, शिक्षा विभाग, कल्याण व जीविका की ओर से चलायी जा रही स्वीप गतिविधियां अररिया, संवाददाता बिहार विधानसभा आम निर्वाचन के तहत अररिया जिले में आईसीडीएस, शिक्षा विभाग, कल्याण विभाग एवं जीविका द्वारा लगातार विभिन्न स्वीप गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य मतदाताओं को जागरूक कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करना है। अमर आनंद, पल्लवी जोशी जैसे गायकों द्वारा गीत-संगीत के माध्यम से वोटरों को मतदान के प्रति जागरूक किया जा रहा है। यहां बता दें कि अररिया जिले में 11 नवंबर को मतदान निर्धारित है।

जिले के विभिन्न प्रखंडों में मतदाता जागरूकता रैलियों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें स्कूली बच्चों, जीविका दीदियों और शिक्षक बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। आईसीडीएस की सेविकाओं द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों पर आकर्षक रंगोली के माध्यम से मतदान का संदेश दिया जा रहा है। शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित कर सभी को शत-प्रतिशत मतदान का संकल्प दिलाया जा रहा है। इसके साथ ही जीविका समूहों द्वारा डोर-टू-डोर अभियान चलाकर घर-घर जाकर महिलाओं एवं प्रथम मतदाताओं को मतदान के महत्व से अवगत कराया जा रहा है। सभी स्वीप आइकॉन द्वारा कम मतदान प्रतिशत वाले मतदान केंद्रों पर गीत, संगीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से विशेष अभियान चलाया और मतदाताओं को लोकतंत्र के इस महापर्व में सम्मिलित होने का संदेश दिया। इसमें गायक अमर आनंद, गायिका पल्लवी जोशी सहित अन्य कई कलाकार दिन रात एक किये हुए है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




