अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की नगर इकाई द्वारा मंगलवार को स्थानीय रेणु पुस्तकालय में मतदाता जन जागरण अभियान को लेकर बैठक आयोजित की गई। जिसमें अररिया जिला के सभी इकाई के प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद थे। बैठक में अध्यक्षता क्षेत्रीय संगठन मंत्री निखिल रंजन ने किया।
इस मौके पर क्षेत्रीय संगठन मंत्री निखिल रंजन ने कहा कि भारत ने सफल निर्वाचन प्रक्रिया द्वारा विश्व को सबसे बड़े लोकतंत्र के सफल संचालन से परिचय कराया है। अपना वोट डालकर हम केवल सरकार या अपना प्रतिनिधि नहीं चुनते हैं, बल्कि आगामी भारत की दिशा तय करते हैं। अपने वोट से हम यह सुनिश्चित करते हैं कि भारत का भविष्य किस तरह के लोगों के हाथ में होगा और विकास की गति क्या होगी। प्रत्येक चुनाव में मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी ने भारत के नागरिकों की लोकतंत्र में आस्था को सिद्ध किया है। वहीं पूर्णिया विवि संगठन मंत्री राजेश श्रीवास्तव व पूर्णिया विश्वविद्यालय सिंडिकेट सदस्य सह अभाविप के विवि प्रमुख प्रो. एमपी सिंह ने कहा कि 2019 में लोकतंत्र का त्योहार लोकसभा चुनाव संपन्न होने जा रहा है। हम नागरिकों की भी जिम्मेदारी बनती है कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए अपने मताधिकार का उपयोग जरूर करें। हमारा एक वोट लोकतंत्र को सफल बनाने में बड़ी भूमिका अदा करता है। सरकार पर सवाल उठाने या कोसने से अच्छा है कि हम अपने मत का उपयोग कर सत्ता अच्छे लोगों के हाथों में सौंपें।
इस मौके पर सत्यवान मालाकर, ललित पौद्दार, दीपक मंडल, उमेश राणा, सूरज चौधरी, करण सिंह, संतोष यादव, गणपति झा, नीरज निराला, विकाश कुमार, विकास ठाकुर, अभिनव भगत, आकाश कुमार, कन्हैया झा, गोलू सिंह, राजन सिंह, गोपाल साह, दीपक कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे।