अररिया में हैवानियत, 3 साल की मासूम का भूसे के घर में मिला सड़ा-गला शव; इलाके में हड़कंप

Jayendra Pandey हिन्दुस्तान, आमोद ठाकुर, अररिया
share

Bihar Crime News: अररिया के तेगछिया गांव में नाना के घर आई 3 वर्षीय लापता बच्ची का शव 4 दिन बाद भूसे के घर में मिला। पुलिस हत्या की आशंका जताते हुए जांच कर रही है।

अररिया में हैवानियत, 3 साल की मासूम का भूसे के घर में मिला सड़ा-गला शव; इलाके में हड़कंप

Bihar Crime News: बिहार के अररिया जिले से एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के तेगछिया गांव में शुक्रवार की सुबह एक 'भूस्सी घर' से तीन साल की मासूम बच्ची का सड़ा-गला शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान शिवांशी के रूप में हुई है, जो पिछले चार दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में गायब थी। इस खौफनाक घटना के पीछे आपसी रंजिश में हत्या किए जाने की गहरी आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद से बच्ची के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

नाना के घर आई थी बच्ची, खेलते समय हुई गायब

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के ही तरौना गांव निवासी सुशील सिंह की बेटी थी। वह 10 मई को अपने माता-पिता के साथ तेगछिया गांव स्थित अपने नाना मायानंद सिंह के घर आई थी। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन अगले ही दिन 11 मई की दोपहर दरवाजे पर खेलते-खेलते वह अचानक गायब हो गई। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला, तो उसी शाम ताराबाड़ी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस और परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे।

25 मीटर दूर भूस्सी घर से आई तेज दुर्गंध, तो खुला राज

शुक्रवार की सुबह जब कुछ ग्रामीण नाना के घर से महज 25 मीटर की दूरी पर स्थित एक भूस्सी घर के पास से गुजरे, तो उन्हें वहां से बेहद तेज और सड़ांध भरी दुर्गंध आई। अनहोनी की आशंका पर जब अंदर देखा गया, तो वहां शिवांशी की सड़ी-गली लाश पड़ी थी। दोनों घरों के बीच से महज एक कच्ची सड़क गुजरती है। शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में मातम पसर गया। घटना को देखते हुए अररिया सदर एसडीपीओ सुशील कुमार के नेतृत्व में ताराबाड़ी, कुर्साकांटा और अररिया थाने की भारी पुलिस फोर्स तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई। मामले के खुलासे और सुराग ढूंढने के लिए 'डॉग स्क्वायड' की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस इस मामले में हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा कर लिया जाएगा। वहीं, मासूम बेटी की इस दर्दनाक मौत के बाद से किसान पिता और मां का रो-रोकर बुरा हाल है।

Jayendra Pandey

लेखक के बारे में

Jayendra Pandey
अदम गोंडवी के शहर गोण्डा से ताल्लुक रखने वाले जयेंद्र पाण्डेय मेनस्ट्रीम मीडिया में अपनी अलग पहचान बना रहे एक ऊर्जावान युवा पत्रकार हैं। वर्तमान में ’हिन्दुस्तान’ (Hindustan Times Group) के साथ जुड़कर जनसरोकार की खबरों को कवर कर रहे जयेंद्र ने नोएडा के प्रतिष्ठित संस्थान जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता की बारीकियां सीखीं और अपने करियर का आगाज ‘जी न्यूज’ की नेशनल टीम में इंटर्नशिप से किया। इसके बाद उन्होंने ’दैनिक भास्कर’ में बतौर ट्रेनी फीचर और स्पेशल स्टोरीज पर काम करते हुए कंटेंट की बारीकियों को समझा। अपनी पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने फील्ड रिपोर्टिंग में अपना लोहा मनवाया, जिसमें नोएडा ट्विन टावर डिमोलिशन से लेकर बृजभूषण शरण सिंह बनाम पहलवानों के धरने तक कई हाई-प्रोफाइल इवेंट्स की ग्राउंड रिपोर्टिंग और अन्य कई स्पेशल स्टोरीज शामिल हैं। मीडिया के साथ-साथ जयेंद्र का रुझान पॉलिटिकल कंसल्टेंसी की ओर भी है। वे चुनावी समीकरणों और रणनीतिक प्रबंधन की अच्छी समझ रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।