दाढ़ी बनाने के पैसे मांगने पर सुरक्षा गार्ड ने सफाई कर्मी को पीटा, सेवामुक्त

Newswrap हिन्दुस्तान, आरा
share

वीडियो वायरल , सदर अस्पताल के एक गार्ड ने पहले घर से बुलाकर सफाई कर्मी से दाढ़ी बनवाईं और रुपये मांगने पर उसकी पिटाई कर दी

दाढ़ी बनाने के पैसे मांगने पर सुरक्षा गार्ड ने सफाई कर्मी को पीटा, सेवामुक्त

वीडियो वायरल -सदर अस्पताल के न्यू इमरजेंसी वार्ड के बाहर गुरुवार की देर शाम घटना -घर से बुला गार्ड ने सफाईकर्मी से बनवाई दाढ़ी, 20 रुपए मांगने पर पीटा आरा। हिन्दुस्तान संवाददाता सदर अस्पताल के एक गार्ड ने पहले घर से बुलाकर सफाई कर्मी से दाढ़ी बनवाईं और रुपये मांगने पर उसकी पिटाई कर दी। मारपीट का वीडियो भी वायरल हुआ है। हालांकि मामला सामने आने के बाद गार्ड को तत्काल काम से हटा दिया गया है। वह नवादा थाना क्षेत्र के चंदवा निवासी विनोद उपाध्याय बताया जा रहा है। पीड़ित सफाई कर्मी नवनीत ठाकुर है। वह अस्पताल में सफाई कर्मी के साथ ही नाई का काम भी करता है।

मारपीट की घटना गुरुवार की देर रात की है। वायरल वीडियो में देखा जा रहा है कि गार्ड विनोद कुमार उपाध्याय की ओर से सफाई कर्मी नवनीत ठाकुर को डंडे से पीटा जा रहा है। मारपीट के दौरान उसे धक्का भी दिया जा रहा है। जख्मी नवनीत ठाकुर ने बताया कि वह सदर अस्पताल में सफाई कर्मी का काम करता है। गुरुवार को दिन में अपनी ड्यूटी खत्म कर घर चला गया था। तभी सुरक्षा कर्मी विनोद कुमार उपाध्याय और एक अन्य ने उसे अपनी दाढ़ी बनवाने के लिए सदर अस्पताल बुलाया। वह सदर अस्पताल पहुंचा और दोनों लोगों की दाढ़ी बनाने के बाद पैसे की मांग की। गार्ड की ओर से दोनों लोगों की दाढ़ी बनाने के कुल 20 रुपये दिये जा रहे थे। तब उसने कहा कि मैं इतनी दूर से आया हूं। कम से कम मुझे 40 से 50 रुपये चाहिए। इस पर सुरक्षा कर्मी विनोद कुमार उपाध्याय की ओर से उसे कहा जाने लगा कि ठाकुर होकर इस तरीके से बात करेगा। इसी बात पर उन दोनों के बीच नोकझोंक हुई। इसके बाद विनोद कुमार उपाध्याय ने डंडे से उसकी पिटाई कर दी। इस मामले में सदर अस्पताल के प्रबंधक शशिकांत कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित गार्ड विनोद कुमार उपाध्याय को तत्काल काम से हटा दिया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इधर, अस्पताल के सिक्योरिटी गार्ड इंचार्ज एसएन सिंह की ओर से अस्पताल प्रशासन को आवेदन दिया गया है। इसमें बताया गया है कि सिक्योरिटी गार्ड में कार्यरत विनोद कुमार उपाध्याय और सफाई कर्मी नवनीत ठाकुर के बीच ड्यूटी के दौरान आपसी विवाद को लेकर झगड़ा एवं मारपीट हुई थी। सुरक्षा कुर्मी विनोद कुमार उपाध्याय पर सख्त कार्रवाई करते हुए सुरक्षा कंपनी से तत्काल सेवामुक्त कर दिया गया है। सफाई कर्मी और सुरक्षा कर्मी के बीच आपसी विवाद से कंपनी का कोई लेना-देना नहीं है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।