
धारदार हथियार के हमले में वृद्ध की मौत, दोनों पक्ष के तीन लोग घायल
भोजपुर जिले के पीरो अनुमंडल के अगिआंव बाजार में सोमवार सुबह आपसी विवाद के चलते दो पक्षों के बीच मारपीट हुई। इस दौरान धारदार हथियार से हमले में एक बुजुर्ग इंद्रचंद राम की मौत हो गई, जबकि उनके बेटे सहित तीन लोग घायल हुए। पुलिस ने तीन आरोपितों को हिरासत में लिया है।
-पीरो अनुमंडल के अगिआंव बाजार की महादलित टोली में सोमवार सुबह हुई घटना, तीन हिरासत में -आपसी विवाद में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट, जमकर चले लाठी-डंडे और धारदार हथियार आरा/पीरो। हिन्दुस्तान संवाददाता भोजपुर जिले के पीरो अनुमंडल के अगिआंव बाजार की महादलित बस्ती में सोमवार की सुबह आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान धारदार हथियार के हमले में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। उनके बेटे सहित दोनों पक्षों के तीन लोग घायल भी हो गये। सभी का इलाज कराया जा रहा है। मृतक अगिआंव बाजार निवासी स्व.दूधनाथ राम के 56 वर्षीय पुत्र इन्द्रचंद राम थे।
वे अगिआंव बाजार में जूता-चप्पल मरम्मत करने की दुकान चलाते थे। मारपीट और हत्या की सूचना पर एसडीपीओ कृष्ण कुमार सिंह एवं अगिआंव बाजार थानाध्यक्ष शैलेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन की गयी। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इस मामले में पुलिस की ओर से त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को हिरासत में लिया गया है। रविवार की शाम को हुआ विवाद पुलिस की पहल पर हुआ था शांत बताया जा रहा है कि रविवार की शाम दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। हालांकि मौके पर पहुंची डायल 112 और अगिआंव बाजार थाने की पुलिस की पहल पर मामला शांत हो गया था। तब पुलिस की ओर से दोनों पक्षों को मारपीट नहीं करने की हिदायत भी दी गई थी। लेकिन, सोमवार की सुबह दोनों पक्षों के लोग फिर से भिड़ गए और मारपीट करने लगे। उसमें धारदार हथियार के हमले में इन्द्रचंद राम की मौत हो गई। उनके बेटे राजेश कुमार के अलावे दूसरे पक्ष के परमानंद राय और उनके पुत्र चंदन कुमार घायल हो गए। मृत इंद्र चंद्र राम के बेटे राजेश ने बताया कि रविवार की रात उसके उसके पिता दुकान बंद कर घर पहुंचे। तभी घर के बाहर हल्ला होने लगा। गांव के लोगों ने बताया कि झगड़ा हुआ है। पुलिस भी आयी थी। सोमवार की सुबह दोनों पिता-पुत्र शौच करने जा रहे थे, तो पता चला कि दूसरे पक्ष के लोग उसके चाचा के साथ मारपीट कर रहे हैं। इस आधार पर वे लोग वहां पहुंचे, तो उनके द्वारा धारदार हथियार से मार उसके पिता इंद्रचंद राम की हत्या कर दी गई। बीच-बचाव करने के दौरान उस पर भी धारदार हथियार से हमला कर जख्मी कर दिया गया। उसकी ओर से परमानंद और उसके बेटे चंदन पर धारदार हथियार से अपने पिता की हत्या करने आरोप लगाया गया है। जादू-टोना को लेकर उपजे विवाद की चर्चा भी पुलिस के अनुसार जांच में जादू-टोना को लेकर उपजे विवाद की बात भी सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग इंद्र चंद्र राम तीन भाई और एक बहन में बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी मोतीझारो देवी, छह पुत्री और दो पुत्र हैं। घटना के बाद उनके के घर में कोहराम मच गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




