Ara News: पोती के बाद मंचूरियन खाने वाली बुजुर्ग दादी की भी मौत, दो बच्चों का चल रहा इलाज
Ara News: हसन बाजार के एक ही परिवार के चार सदस्यों ने गुरुवार की शाम खाया था मंचूरियन , भोजपुर के हसन बाजार के एक परिवार को बाजार से खरीद कर मंचूरियन खाना काफी भारी पड़ गया।

Ara News: हसन बाजार के एक ही परिवार के चार सदस्यों ने गुरुवार की शाम खाया था मंचूरियन इलाज के दौरान सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में शनिवार को महिला ने तोड़ा दम आरा। हिन्दुस्तान संवाददाता भोजपुर के हसन बाजार के एक परिवार को बाजार से खरीद कर मंचूरियन खाना काफी भारी पड़ गया। मंचूरियन खाने से बीमार सात साल की बच्ची काव्या के बाद उसकी बुजुर्ग दादी की भी मौत हो गयी। मृत महिला हसन बाजार गांव निवासी स्व. नंदलाल प्रसाद की 70 वर्षीया चंद्रावती कुंअर थी। उन्होंने इलाज के दौरान आरा सदर अस्पताल में शनिवार की सुबह दम तोड़ दिया। काव्या के मामा ज्योति प्रसाद गुप्ता ने बताया कि गुरुवार की शाम उनके जीजा कुंदन कुमार के ममेरे भाई ने मंचूरियन खरीद कर लाया था।
घटना का विवरण
उनके भांजे रोहित कुमार, बिट्टू कुमार, भांजी काव्य कुमारी और बच्चों की दादी चन्द्रावती कुंअर ने खाया था। मंचूरियन खाने के करीब एक घंटे बाद सभी को पेट दर्द के साथ उल्टी होने लगी। इसके बाद गंभीर हाल में काव्या कुमारी को इलाज के लिए बिक्रमगंज स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया था। वहां चिकित्सक की ओर से उसे मृत घोषित कर दिया गया था। बीमार उसकी दादी चंद्रावती कुंअर को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया था। वहां इलाज के दौरान शनिवार की सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं, काव्या के भाई बिट्टू कुमार और रोहित कुमार का इलाज निजी अस्पताल में कराया जा रहा है। दोनों की हालत फिलहाल ठीक है। सूचना मिलने पर पुलिस दोनों शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद मौत के कारणों की छानबीन कर रही है। इधर, थानाध्यक्ष जयराम शुक्ला ने बताया कि मृतकों के परिजन की ओर से अब तक आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इधर, दो दिनों में दादी-पोती की मौत के बाद घर में कोहराम मच गया है। गांव के लोग भी सकते में हैं। बताया जा रहा है कि चंद्रावती कुंअर को पुत्र संतोष कुमार गुप्ता, दीपक गुप्ता, गुड्डू गुप्ता, कुंदन कुमार गुप्ता, पुत्री शोभा देवी और सरिता देवी है।


