खेत से घर लौट रही महिला की बाइक की ठोकर से मौत
-जगदीशपुर थाना क्षेत्र के बभनिआंव ओवरब्रिज के समीप हुआ हादसा इलाज के लिए सदर अस्पताल लाने में महिला ने रास्ते में तोड़ा दम

-जगदीशपुर थाना क्षेत्र के बभनिआंव ओवरब्रिज के समीप हुआ हादसा -इलाज के लिए सदर अस्पताल लाने में महिला ने रास्ते में तोड़ा दम -पति के सामने तेज रफ्तार बाइक सवार ने महिला को मार दी ठोकर आरा। हिन्दुस्तान संवाददाता आरा-मोहनियां फोरलेन पर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के बभनिआंव स्थित ओवरब्रिज के समीप सोमवार की देर शाम बाइक के धक्के से एक महिला की मौत हो गई। इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले जाने के दौरान उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया। मृत महिला जगदीशपुर थाना क्षेत्र के बभनिआंव गांव निवासी जितेंद्र प्रसाद की 53 वर्षीया पत्नी सुनैना देवी थी। जीतेंद्र प्रसाद ने बताया कि मंगलवार की सुबह वह अपनी पत्नी के साथ धान का बोझा ढोने के लिए बभनिआंव गांव बधार में गये थे। बोझा ढोने के बाद दोनों घर लौट रहे थे। उस दौरान उनकी पत्नी आगे और वह उनके पीछे थे। बभनिआंव गांव स्थित ओवर ब्रिज के पास बेलगाम बाइक सवार ने उन्हें जोरदार धक्का मार दिया। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए जगदीशपुर अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। बताया जा रहा है कि महिला को पुत्र जितेश कुमार, सतीश कुमार, पुत्री बुचन और राखी है। हादसे के बाद उनके घर में कोहराम मच गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।