सकड्डी से कायमनगर के बीच एनएच पर अवैध पार्किंग से परेशानी

Newswrap हिन्दुस्तान, आरा
share

-न्यायालय के आदेश के बाद भी एनएच 922 पर ट्रकों की अवैध ढंग से पार्किंग जारी, न्यायालय की ओर से निर्देश दिये जाने के बाद भी भोजपुर जिले में अब तक इसका प्रभाव धरातल पर नहीं दिख रहा है।

सकड्डी से कायमनगर के बीच एनएच पर अवैध पार्किंग से परेशानी

-न्यायालय के आदेश के बाद भी एनएच 922 पर ट्रकों की अवैध ढंग से पार्किंग जारी -पुलिस और प्रशासन की निष्क्रियता से आये दिन हो रहे हादसे, लोग गंवा रहे जान कोईलवर, एक संवाददाता। राष्ट्रीय राजमार्गों को अतिक्रमण और अवैध पार्किंग से मुक्त कराने के लिए न्यायालय की ओर से निर्देश दिये जाने के बाद भी भोजपुर जिले में अब तक इसका प्रभाव धरातल पर नहीं दिख रहा है। पुलिस प्रशासन की उदासीनता के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-922 पर गीधा औद्योगिक क्षेत्र के आसपास सड़क किनारे भारी वाहनों की अवैध पार्किंग आज तक खत्म नहीं हुई है। इससे राहगीरों और छोटे वाहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सकड्डी से कायमनगर के बीच सड़क का अतिक्रमण कर लिए जाने से अब तक कई सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं और बहुतेरे परिवार इसके शिकार हुए हैं। कुछ को जान गंवानी पड़ी है, तो कुछ को हाथ-पैर गंवाना पड़ा है। एनएच की दोनों ओर लगी रहती है भारी ट्रकों की कतार गीधा औद्योगिक क्षेत्र की दोनों ओर बालू लदे ट्रकों, गैस टैंकरों और अन्य भारी वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। स्थिति यह है कि औद्योगिक क्षेत्र के अंडरपास, ओवरब्रिज, कायमनगर बाजार और सब्जी मंडी के आसपास सड़क का बड़ा हिस्सा वाहनों के कब्जे में रहता है। फोरलेन के किनारे बड़ी गाड़ियों के खड़े रहने से सड़क संकरी हो जाती है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। एनएच के किनारे पार्किंग से लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के बाद भी प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। एनएचएआई अतिक्रमण हटाए जाने की लगा चुकी है गुहार सड़क निर्माण और एनएच के रखरखाव में लगी पीएनसी कंपनी के कर्मियों ने बताया कि फोरलेन का अतिक्रमण और कायमनगर सड़क पर बाजार लगाये जाने से यातायात बाधित होने को लेकर कई बार पुलिस-प्रशासन को लिखित शिकायत दी जा चुकी है पर कोई समाधान नहीं निकल पाया। पटना से आरा जाने के क्रम में कायमनगर बाजार से पुल तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर रोज सैकड़ों ट्रकों की भीड़ कई घंटों तक खड़ी रहती है, जिससे उस रास्ते छोटी गाड़ियों का निकल पाना भी मुश्किल भरा रहता है। पिछले वर्ष नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के खिलाफ पुलिस ने सड़क पर अतिक्रमण करने, फोरलेन जाम रखने, फोरलेन पर बालू फैला लोक मार्ग को क्षति पहुंचाने को लेकर गीधा पुलिस ने सभी धर्मकांटा संचालकों व प्रबंधकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की थी। कायमनगर निवासी जिला परिषद सदस्य रवींद्र कुमार ने बताया कि कायमनगर से आरा जाने वाले रास्ते में एनएच पर भारी गाड़ियों की भीड़ लगी रहती है, जहां से निकल पाना मुश्किल है। वहीं नो इंट्री में रुपये लेकर ट्रकों को जाने की अनुमति दी जाती है। गीधा निवासी पैक्स अध्यक्ष रमेन्द्र सिंह ने बताया कि इस राजमार्ग के किनारे सालों भारी वाहन खड़े रहते हैं, जिस कारण यहां कई लोगों की सड़क हादसों में मौत हो चुकी है। बहरहाल,न्यायालय ने समय सीमा के अंदर राष्ट्रीय राजमार्गों पर भारी वाहनों की अवैध पार्किंग को नियमों के विरुद्ध मानते हुए प्रशासन को सख्त कार्रवाई के निर्देश दे चुका है। इसके बावजूद हालात जस के तस बने हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नियमित अभियान चलाकर एनएच को अवैध पार्किंग और अतिक्रमण से मुक्त कराने की मांग की है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। कोट एनएच से पूरी तरह अतिक्रमण हटाने के न्यायालय के निर्देश पर सरकार सख्त है। भोजपुर जिले में भी खनन, परिवहन और पुलिस की टीम गठित की गई है। जल्द ही आरा-पटना एनएच पर नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर कारवाई शुरू होगी। सड़क का अतिक्रमण करने वालों पर प्रशासन सख्ती से पेश आयेगा। रंजीत कुमार सिंह एसडीपीओ, आरा सदर 2 कोईलवर

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।