पांच हजार के लिए जीजा ने दोस्त संग साले का कर दिया खून, दोनों गिरफ्तार
-नारायणपुर में रिश्ते के कत्ल का सामने आया सच, पूछताछ में जीजा ने कबूला गुनाह , इस मामले में पुलिस ने अर्जुन कुमार के जीजा सहित दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें नारायणपुर थाने के सहयोगी टोला

-नारायणपुर में रिश्ते के कत्ल का सामने आया सच, पूछताछ में जीजा ने कबूला गुनाह -जीजा ने दोस्त के साथ मिलकर मारपीट के बाद गुप्तांग ऐंठ कर साले को मार डाला -तीन मई को जीजा संग घर से निकले युवक का तीसरे दिन मिला था शव आरा/अगिआंव। हिन्दुस्तान संवाददाता भोजपुर के नारायणपुर थाना क्षेत्र के बनौली गांव निवासी अर्जुन कुमार की हत्या की गुत्थी पुलिस ने 24 घंटे के अंदर सुलझा दी है। इस मामले में पुलिस ने अर्जुन कुमार के जीजा सहित दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें नारायणपुर थाने के सहयोगी टोला निवासी गुड्डू राम और उसके दोस्त रंजन राम शामिल हैं।
दोनों पिछले करीब आठ-नौ महीनों से घर जमाई बनकर बनौली गांव में ही रह रहे हैं। पूछताछ में दोनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। पुलिस की पूछताछ में पांच हजार रुपए के विवाद में दोनों ने अर्जुन कुमार की हत्या करने की बात स्वीकार की है। पुलिस अधीक्षक राज की ओर से दोनों की गिरफ्तारी की पुष्टि की गयी है। इधर, रिश्ते का कतल करने वाले हत्या के मामले में अर्जुन के पिता कृष्णा राम के बयान पर नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। इसमें गुड्डू राम और रंजन राम को आरोपित किया गया है। थानाध्यक्ष संजीत कुमार शर्मा के अनुसार केस के अनुसंधान और आरोपितों से पूछताछ में यह बात सामने आयी कि अर्जुन ने कुछ समय पहले अपने जीजा गुड्डू राम से पांच हजार रुपए लिया था। गुड्डू राम अपने पैसे मांग रहा था, जिसे लेकर दोनों के बीच पहले विवाद हुआ था। इधर, बहन के कहने पर अर्जुन ने फिलहाल पैसे देने से मना कर दिया था। इससे नाराज गुड्डू राम ने हत्या की साजिश रची। उसी के तहत वह अपने दोस्त रंजन राम के साथ तीन मई की शाम को अर्जुन कुमार को अपने गांव सहयोगी टोला ले गया। वहां दोनों दोस्तों ने खाया-पिया। उसी क्रम में गुड्डू राम अपने घर में भाई के झगड़ा करने लगा। यह देख अर्जुन कुमार वहां से निकल गया। बाद में रंजन राम और गुड्डू राम ने पीछा कर छपरापुर गांव के समीप अर्जुन कुमार को पकड़ लिया। दोनों दोस्तों ने पहले लात घूसों और बेल्ट से अर्जुन कुमार के साथ मारपीट की। इसके बाद गुप्तांग ऐंठ कर अर्जुन कुमार की जान ले ली और शव छपरापुर गांव स्थित आहर से फेंक दिया। दोनों को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया। इधर, कृष्णा राम की ओर से दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि तीन मई की शाम उनका दामाद गुड्डू राम और उसके दोस्त रंजन राम अर्जुन को लेकर सहयोगी टोला गांव गये थे। चार मई की रात करीब एक बजे उनका दामाद गुड्डू राम अपनी तीन साल की बेटी को लेकर बनौली गांव आ गया। सुबह वे जगे, तो देखे कि दामाद गुड्डू राम घर आ गये हैं, लेकिन अर्जुन नहीं आया है। उसी क्रम में उन्होंने दामाद गुड्डू राम के शरीर और कपड़े पर खून का धब्बा दिखा। इसके बाद उन्होंने गुड्डू राम से पूछताछ की, तो कुछ नहीं बताया। उसी दरम्यान उनकी नतिनी ने कहा कि पापा ने मामा को मारा है। इसके बाद पुलिस पहुंची और उसे गिरफ्तार कर ले गयी। अगले दिन पांच मई की सुबह छपरापुर गांव स्थित आहर से अर्जुन का शव बरामद किया गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


