ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार आरादोहरे हत्याकांड की रची गयी थी साजिश

दोहरे हत्याकांड की रची गयी थी साजिश

भोजपुर के अगिआंव बाजार थाना क्षेत्र के कोसियरवा टोला गांव में दो लोगों की हत्या की साजिश रची गयी थी। इसके लिए रोहतास के एक नामी अपराधी को सुपारी दी गयी थी।  इसे लेकर शनिवार की रात हथियारों की...

दोहरे हत्याकांड की रची गयी थी साजिश
आरा | हिन्दुस्तान संवाददाताTue, 19 Feb 2019 01:20 PM
ऐप पर पढ़ें

भोजपुर के अगिआंव बाजार थाना क्षेत्र के कोसियरवा टोला गांव में दो लोगों की हत्या की साजिश रची गयी थी। इसके लिए रोहतास के एक नामी अपराधी को सुपारी दी गयी थी। 

इसे लेकर शनिवार की रात हथियारों की सप्लाई की जा रही थी। शनिवार की रात कोसियरवा टोला गांव से हथियार के साथ  सुपारी किलर समेत दो लोगों को गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने इसका खुलासा किया। गिरफ्तार अपराधियों में कोसियरवा टोला निवासी सुदर्शन कुमार व रोहतास जिले के दावथ थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव निवासी नारायण तिवारी शामिल हैं। इनके पास से दो बड़ा बैरल वाले देसी कट्टे, एक गोली, छह खोखे व तीन मोबाइल मिले हैं। भोजपुर एसपी आदित्य कुमार ने सोमवार को प्रेस कांफ्रेस में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जेल में बंद कोसियरवा टोले के विनय यादव को गांव के ही कुछ लोगों से विवाद था। इसका बदला लेने के लिए उसने दोनों की हत्या की साजिश रची। इसके लिए उसने नावाडीह गांव निवासी नारायण तिवारी को हत्या की सुपारी दे दी। 

हथियार की व्यवस्था खुद विनय ने की थी और घर में रख दिया था। शनिवार की रात हथियार की सप्लाई करनी थी। इसके लिए विनय के इशारे पर सुदर्शन व नारायण हथियार लेने विनय के घर पहुंचे थे। तभी भनक लग गयी। इसके बाद एसडीपीओ रेशु कृष्ण के नेतृत्व में छापेमारी कर दोनों को हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों ने हत्या की साजिश की बात भी स्वीकार कर ली। एसपी ने बताया कि जब्त मोबाइल से विनय की सुदर्शन व नारायण के बीच बातचीत हो रही थी। 

इसमें एक मोबाइल अस्पताल में इलाज करा रहे विनय यादव के पास से मिला है। उन्होंने बताया कि इस मामले में दो अन्य लोगों की भी संलिप्तता रही है। इनकी पहचान कर ली गयी है और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि विनय यादव के इशारे पर उसके घर से सुदर्शन ने कटरिया गांव के रहने वाले एक व्यक्ति को दो हथियार दिये थे। एसपी ने बताया कि विनय यादव नारायण यादव के खिलाफ रोहतास में पहले से भी दो मामले दर्ज हैं। दस साल पहले घर में बम बनाने में उसका एक हाथ भी उड़ गया था। वहीं विनय यादव पूर्व में मारपीट व फायरिंग के मामले में जेल में बंद है। वह फिलहाल आरा सदर अस्पताल में इलाज करा रहा है। एसपी ने छापेमारी में शामिल पुलिस अफसरों को पुरस्कार देने की घोषणा की है। टीम में पीरो थानाध्यक्ष जन्मेजय राय, अगिआंव थानेदार अविनाश कुमार, हसनबाजार ओपी इंचार्ज धनंजय पांडेय, डीआईयू इंचार्ज ब्रजेश कुमार, पीरो थाने के दारोगा मनीष कुमार व जमादार देवमति काजी शामिल थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें