आरा की मेयर के पति प्रेम पंकज उर्फ ललन का निधन, शोक की लहर
आरा नगर निगम की महापौर इंदु देवी के पति प्रेम पंकज उर्फ ललन का निधन कैंसर के चलते हुआ। उनके निधन से भोजपुर में शोक की लहर दौड़ गई। वे सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय थे और कई संगठनों के पदाधिकारी रहे। उनके निधन पर कई नेताओं ने दुःख व्यक्त किया।

आरा। आरा नगर निगम की महापौर इंदु देवी के पति सह भाजपा के वरीय नेता एवं शहर के प्रमुख व्यवसायी प्रेम पंकज उर्फ ललन का बुधवार को असामयिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही शहर समेत पूरे भोजपुर में शोक की लहर दौड़ गई। वे पिछले काफी समय से कैंसर से पीड़ित थे और उनका इलाज देश के विभिन्न अस्पतालों में चल रहा था। पिछले कुछ समय से पटना के एक बड़े अस्पताल में भर्ती थे। इलाज के दौरान ही बुधवार को उन्होंने अंतिम सांस ली।
प्रेम पंकज की पहचान
प्रेम पंकज उर्फ ललन सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में काफी सक्रिय थे और शहर में उनकी अलग पहचान थी। उनके निधन की सूचना मिलते ही उनके आवास पर शुभचिंतकों, समर्थकों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुटने लगी। कई राजनीतिक एवं सामाजिक लोगों ने उनके निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। वे व्यावसायिक संगठन कैट के जिलाध्यक्ष रह चुके थे। वे भाजपा के विभिन्न पदों पर भी रह चुके थे।
परिवार और विरासत
उनके अस्वस्थ होने के बाद उनके छोटे भाई आलोक अंजन उर्फ छोटे और पुत्र प्रतीक राज भी राजनीतिक और सामाजिक रूप से सक्रियता निभा रहे हैं। पत्नी को मेयर बनाने में प्रेम पंकज उर्फ ललन की बड़ी भूमिका रही थी। वे आरा रामलीला समिति के भी अध्यक्ष रहे थे। आरा में वर्तमान दौर में भी रामलीला के आयोजन को ऊंचाई पर ले जाने में उनकी अहम भूमिका रही है। पिछले कुछ सालों से वे कृष्ण लीला का भी आयोजन करा रहे थे। ललन जी का असामयिक निधन शहरवासियों को रुला गया। हाल में पूर्व सांसद व भाजपा नेत्री मीना सिंह समेत कई शुभचिन्तकों ने पटना में अस्पताल पहुंचकर उनका कुशल क्षेम जाना था।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


