ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार आरायात्रियों से लदी बस पलटने से एक की मौत, 12 जख्मी

यात्रियों से लदी बस पलटने से एक की मौत, 12 जख्मी

भोजपुर में मंगलवार को यात्रियों से लदी एक बस पलट गयी। इसमें एक युवक की मौत हो गयी और बस पर सवार 12 लोग जख्मी हो गये। यह हादसा आरा-बक्सर हाईवे पर गजराजगंज ओपी के बड़कागांव के पास दोपहर में हुआ। बाइक को...

यात्रियों से लदी बस पलटने से एक की मौत, 12 जख्मी
हिन्दुस्तान टीम,आराTue, 25 Dec 2018 08:37 PM
ऐप पर पढ़ें

भोजपुर में मंगलवार को यात्रियों से लदी एक बस पलट गयी। इसमें एक युवक की मौत हो गयी और बस पर सवार 12 लोग जख्मी हो गये। यह हादसा आरा-बक्सर हाईवे पर गजराजगंज ओपी के बड़कागांव के पास दोपहर में हुआ। बाइक को बचाने में बस पलट गयी। इस हादसे में बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी है। बाइक पर सवार दो युवकों को भी गंभीर चोटें आयी हैं। मृतक की स्पष्ट रूप से पहचान नहीं हो सकी है। उसकी पैंट की जेब से एक पैन कार्ड मिला है। उस पर राहुल प्रसाद, पिता रामप्रसाद लिखा है। सभी घायलों का इलाज आरा सदर अस्पताल में कराया गया। जानकारी के अनुसार मंगलवार की दोपहर करीब सवा तीन बजे करनामेपुर से यात्रियों को ले एक बस आरा आ रही थी। बड़कागांव के समीप सामने से आ रही बाइक को बचाने में चालक ने नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बस पलट गयी। वहीं बस से टकराने के बाद बाइक भी पलट गयी। इसमें एक युवक की मौत हो गयी और बस व बाइक पर सवार 12 लोग जख्मी हो गये। हादसे के बाद अफरातफरी मच गयी। आसपास के लोगों द्वारा सभी घायलों को बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची और सभी को सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस व अस्पताल प्रशासन रहा मुस्तैद

बस हादसे की खबर मिलते ही पूरा प्रशासन अलर्ट हो गया। पुलिस से लेकर अस्पताल प्रशासन सक्रिय हो गया। सूचना मिलते ही एसडीपीओ पंकज कुमार, सदर इंस्पेक्टर मुन्नु प्रसाद व गजराजगंज ओपी इंचार्ज नरेंद्र सिन्हा दल-बल के साथ अस्पताल पहुंच गये। वहीं अस्पताल अधीक्षक डा. सतीश सिन्हा के नेतृत्व में डाक्टरों की टीम भी मुस्तैद थी। घायलों के अस्पताल आने से पहले ही सभी स्वास्थ्य कर्मियों को एक्शन मोड में कर दिया गया था। ऐसे में घायलों को इलाज में किसी तरह की परेशानी नहीं हो सकी।

बड़कागांव से सदर अस्पताल तक रही गहमागहमी

बस पलटने की सूचना की खबर पूरे जिले में आग की तरह फैल गयी। देखते भी देखते लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। बस में सवार लोगों के परिजन भी आरा की ओर दौड़ पड़े। अपनों की तलाश में परिजन बड़कागांव से अस्पताल तक दौड़ लगाते रहे। हादसे की खबर के बाद लोग सबसे पहले बड़कागांव पहुंचे और उसके बाद सदर अस्पताल। सभी अपने परिजनों को तलाश कर रहे थे। इस दौरान अस्पताल में ही रोना-धोना शुरू हो गया। इससे अस्पताल कैंपस में काफी देर तक गहमागहमी बनी रही।

स्थानीय लोगों की तत्परता से बची अन्य यात्रियों की जान

करनामेपुर से आ रही बस में सवार लोगों के लिए बड़कागांव के आसपास के लोग भगवान से कम नहीं थे। उनकी तत्परता से कई यात्रियों की जान बच गयी, वरना नजारा कुछ और होता। बस पलटी तो आसपास मौजूद लोगों के होश उड़ गये। कुछ देर के लिए सभी की सांसें थम गयीं। बस पलटने के साथ ही चीख-पुकार मच गयी। बस में सवार लोग मदद के लिए चिल्लाने लगे। लोग दौड़कर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गये। स्थानीय लोगों द्वारा किसी द्वारा बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी को पुलिस की मदद से अस्पताल भेजा गया। घायलों की मानें तो स्थानीय लोगों की तत्परता से ही उनकी जान बच सकी। वरना कई अन्य यात्रियों की भी जान चली जाती। वहीं मौके पर मौजूद लोगों की मानें तो बस व बाइक दोनों की स्पीड काफी थी। अचानक आमने-सामने आ जाने के कारण हादसा हो गया।

बस पलटते देख छत पर सवार लोग कूद पड़े नीचे

कड़ाके की ठंड के बावजूद तीन लोग बस की छत पर सवार थे। चालक के संतुलन खोते ही उन लोगों को हादसे का आशंका हो गयी। इसके बाद तीनों बस की छत से नीचे कूद पड़े। इसमें तीनों जख्मी हो गये। इनमें उदवंतनगर के हल्ली टोला निवासी नीतीश कुमार यादव व विकास कुमार यादव शामिल हैं। हालांकि संयोग अच्छा था कि वे बस के नीचे नहीं आ सके। इससे उनकी जान बच गयी। इधर, लोगों की मानें बस लुढ़कते हुए काफी नीचे चली गयी। बाइक भी बस की चपेट में आकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी है।

अज्ञात मान पुलिस ने कराया शव का पोस्टमार्टम

बस हादसे में मारे गये युवक की स्पष्ट तौर पर पहचान नहीं हो पाने के कारण पुलिस द्वारा फिलहाल अज्ञात के रूप में शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। इसके बाद शव को सुरक्षित रख दिया गया है। इधर, मृतक के पास से बरामद पैन कार्ड का डिटेल्स खंगालने पर पश्चिम बंगाल के हावड़ा के शिबुपुर का एड्रेस मिल रहा है।

घायलों की सूचीः

जगदीशपुर थाना क्षेत्र के दावां गांव निवासी मनीर खान, उनकी पत्नी नगमा खातून, सरैयां निवासी नूरजहां, नवादा निवासी संतोष, शाहपुर के लालू डेरा निवासी विजय यादव, इटवां गांव निवासी पलक देवी, बिहिया के बेलवनिया गांव निवासी अंकित चौधरी, विक्की गोस्वामी, उदवंतनगर के हल्ली टोला निवासी नीतीश कुमार यादव व विकास कुमार यादव, मुफस्सिल के खजुरिया निवासी संतोष कुमार व बबीता देवी हैं। नीतीश कुमार यादव व विकास कुमार यादव बाइक पर सवार थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें