नए डिग्री कॉलेजों के लिए प्रशासनिक स्तर से भवन की हो रही तलाश

Feb 09, 2026 07:55 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, आरा
share

-जिले के प्लस टू विद्यालयों में फिलहाल होगी स्नातक की पढ़ाई, चरपोखरी, अगिआंव और संदेश प्रखंड

नए डिग्री कॉलेजों के लिए प्रशासनिक स्तर से भवन की हो रही तलाश

-जिले के प्लस टू विद्यालयों में फिलहाल होगी स्नातक की पढ़ाई -सहार, चरपोखरी, अगिआंव और संदेश में खुलने हैं डिग्री कॉलेज आरा, निज प्रतिनिधि। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर से राज्य के 213 प्रखंडों में नए डिग्री कॉलेज खोलने और इसी साल जुलाई से इनमें स्नातक की पढ़ाई शुरू कराने की घोषणा की गई है। इसके तहत भोजपुर जिले के चार प्रखंडों में भी डिग्री कॉलेज खुलने हैं। सरकार के निर्णय को अमली जामा पहनाने में जिला प्रशासन जुट गया है। इस संबंध में कवायद तेज करते हुए फिलहाल भवन की खोज की जा रही है, ताकि वर्तमान शैक्षणिक सत्र से एडमिशन हो सके।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

डीएम तनय सुल्तानिया के निर्देश पर वर्तमान में चारों प्रखंड के वैसे प्लस टू विद्यालय जहां भवन अधिक है, उन्हें चिह्नित किया जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है एक से दो सप्ताह में भवन चिह्नित करने का कार्य पूरा कर शिक्षा विभाग को अवगत करा दिया जाएगा। जानकारी के अनुसार जब तक जमीन अधिग्रहण का कार्य पूरा नहीं हो पाता है, तब तक प्लस टू विद्यालयों में ही डिग्री की पढ़ाई होगी। चार प्रखंड सहार, चरपोखरी, अगिआंव और संदेश में खुलने वाले डिग्री कॉलेजों का अपना भवन एवं परिसर बनने तक वहां के प्लस टू स्कूलों के नये भवनों में स्नातक की पढ़ाई शुरू होगी। शिक्षा विभाग के अनुसार संभवत: कक्षाओं के संचालन की टाइमिंग भी अलग होगी। विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए सहायक प्राध्यापकों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। वहीं नए डिग्री कॉलेजों की मान्यता जिले के अंतर्गत आने वाले विश्वविद्यालय से ली जाएगी। बताया जाता है कि भवन चिह्नित होने के बाद जिला प्रशासन द्वारा उच्च शिक्षा विभाग को पत्राचार किया जाएगा। इसके बाद वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय से मान्यता ली जाएगी। नामांकन से लेकर परीक्षा का कार्य वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के देखरेख में ही होगा। मालूम हो कि नए डिग्री कॉलेजों की स्थापना उन प्रखंडों में की जा रही है, जहां अब तक कोई अंगीभूत या संबद्ध महाविद्यालय मौजूद नहीं है। जिले के सहार, चरपोखरी, अगिआंव और संदेश प्रखंड में कोई डिग्री कॉलेज नहीं है। यहां इसी साल जुलाई से पढ़ाई शुरू हो जाएगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।