
घर से लापता छात्रा सतना रेलवे स्टेशन से बरामद
गंगा में डूबने की जताई जा रही थी आशंका, पहुंची थी एसडीआरफ टीम, सिन्हा थाना क्षेत्र
गंगा में डूबने की जताई जा रही थी आशंका, पहुंची थी एसडीआरफ टीम बड़हरा, संवाद सूत्र। सिन्हा थाना क्षेत्र के कान्हा छपरा गांव से गंगा स्नान के दौरान लापता हुई 15 वर्षीय छात्रा को मध्यप्रदेश के सतना रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार ट्रेन से अकेले यात्रा कर रही छात्रा पर राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) की नजर पड़ी। संदेह के आधार पर पूछताछ किए जाने पर उसकी पहचान भोजपुर जिले के बड़हरा प्रखंड के कान्हा छपरा गांव निवासी के रूप में हुई। इसके बाद जीआरपी ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस व परिजनों को दी।
सूचना मिलते ही परिजन छात्रा को लेने सतना के लिए रवाना हो गए। बताया जाता है कि छात्रा सोमवार को घर से गंगा स्नान करने की बात कहकर निकली थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। खोज के दौरान महुली गंगा नदी घाट के पास छात्रा की चप्पल व चादर मिलने से परिजन अनहोनी की आशंका जताने लगे थे। इसके बाद नदी में खोजबीन शुरू कर दी गई और एसडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया था। छात्रा के बरामद होने की सूचना मिलते ही परिजनों की चिंता खत्म हुई और गांव में खुशी का माहौल बन गया। पुलिस मामले की पूरी जानकारी जुटा रही है कि छात्रा किन परिस्थितियों में घर से इतनी दूर पहुंची। फिलहाल छात्रा सुरक्षित है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




