Ara News: श्रीकृष्ण छठीहार महोत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब
Ara News: -तोताद्री मठ और बड़ी मठिया में सोहर-बधाई गीतों से गूंजा परिसर, भजन पर झूमे श्रद्धालु, होत्सव के दौरान भव्य भजन कार्यक्रम में भोजपुरी कलाकार समर सम्राट और गंगाधाम जी ने भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय...

Ara News: -तोताद्री मठ और बड़ी मठिया में सोहर-बधाई गीतों से गूंजा परिसर, भजन पर झूमे श्रद्धालु आरा, निज प्रतिनिधि। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के बाद भोजपुर जिले में भगवान श्रीकृष्ण के छठीहार महोत्सव की धूम रही।
आयोजन का विवरण
चरपोखरी प्रखंड स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर तोताद्री मठ में अनंत विभूषित 1008 स्वामी रंगनाथाचार्य जी महाराज के मंगलानुशासन में भव्य आयोजन हुआ। इसमें बिहार के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भाग लिया। भगवान गिरिधर गोपाल को छप्पन प्रकार के पकवानों का भोग लगाया गया। महिलाओं ने पारंपरिक सोहर और मंगल गीत प्रस्तुत किए। महोत्सव के दौरान भव्य भजन कार्यक्रम में भोजपुरी कलाकार समर सम्राट और गंगाधाम जी ने भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय कर दिया। तबले पर सुदिन शास्त्री और पैड पर राघवेंद्र रामानुज दास ने संगत दी। संचालन संटु अकेला ने किया। अखंड नाम संकीर्तन और हरि नाम के जयघोष से पूरा परिसर गुंजायमान रहा। समापन पर भंडारा और प्रसाद वितरण किया गया।
आरा के श्री हनुमान मंदिर में उत्सव
इसी क्रम में आरा के प्रसिद्ध श्री हनुमान मंदिर, बड़ी मठिया में भी श्रीकृष्ण छठीहार महामहोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। पूज्य श्री जीयर स्वामी जी महाराज के प्रधान शिष्य स्वामी अयोध्यानाथ जी के मंगलानुशासन तथा श्री रामकिंकर दास जी महाराज की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। मंगलामुखियों के सोहर-बधाई गीत और युवा कलाकारों की भक्ति प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। स्वामी अयोध्यानाथ ने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन सत्य, धर्म, प्रेम और सदाचार का संदेश देता है। आयोजन के अंत में महाप्रसाद वितरित किया गया।


