ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार आराआरा में हत्या के दस माह बाद लखनऊ में जिंदा मिली विवाहिता

आरा में हत्या के दस माह बाद लखनऊ में जिंदा मिली विवाहिता

करीब दस माह पहले जिस महिला की हत्या कर शव गायब कर दिया गया था, वह यूपी के लखनऊ में जिंदा घूम रही थी। पुलिस ने शुक्रवार को उसे जिंदा ही बरामद...

आरा में हत्या के दस माह बाद लखनऊ में जिंदा मिली विवाहिता
हिन्दुस्तान टीम,आराSun, 17 Nov 2019 01:13 AM
ऐप पर पढ़ें

करीब दस माह पहले जिस महिला की हत्या कर शव गायब कर दिया गया था, वह यूपी के लखनऊ में जिंदा घूम रही थी। पुलिस ने शुक्रवार को उसे जिंदा ही बरामद किया।

शनिवार को उसे कोर्ट में सशरीर प्रस्तुत भी किया गया। यह किसी फिल्म की कहानी नहीं, बल्कि भोजपुर की एक सच्ची घटना है। जिंदा मिली मृत महिला आरा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महकमपुर बारा गांव निवासी रवींद्र राय की पत्नी संध्या देवी थी। दहेज के लिए उसकी हत्या कर शव गायब कर दिये जाने का आरोप लगाया गया है। इसे ले उसके पिता शहर के अनाइठ निवासी मोहित नारायण ने थाने में प्राथमिकी भी दर्ज करायी थी। इधर, लखनऊ में बरामदगी के बाद आरा पहुंची संध्या देवी का शनिवार को कोर्ट में 164 का बयान दर्ज कराया गया। उसमें संध्या ने अपनी मर्जी से लखनऊ जाने और अकेली रहने की बात स्वीकार की है। इसके बाद उसे घर भेज दिया गया। वहीं संध्या देवी जिंदा मिलने के बाद हत्याकांड का पटाक्षेप हो गया। साथ ही उसके पति ससुराल के अन्य लोग बिना वजह जेल जाने से भी बच गये।

पहले किया झूठा केस, फिर गिरफ्तारी के लिए बना रहे थे दबाव

संध्या देवी के पिता की ओर से इसी साल जनवरी माह में अपनी बेटी की हत्या कर शव गायब करने की प्राथमिकी दर्ज करायी थी। उसमें कहा गया था कि 16 जनवरी को उनके दामाद बेटी को विदा करा घर ले गये। इसके बाद दहेज के लिए हत्या कर शव गायब कर दिया। वहीं प्राथमिकी दर्ज कराये जाने के बाद उसके पिता आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस पर दबाव बनाने लगे। इसे लेकर उसके द्वारा एसपी से भी कई बार मिलकर स्थानीय पुलिस की शिकायत की गयी थी। साथ ही आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की गयी थी। एसपी के आदेश पर इस केस के आईओ अरविंद कुमार के साथ थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी खुद मामले की छानबीन में जुट गयी। इसी बीच थाना इंचार्ज को संध्या देवी के लखनऊ में होने की सूचना मिली। उस आधार पर दोनों शुक्रवार को अफसर लखनऊ पहुंचे। वहां संध्या देवी को जिंदा देख दोनों अफसर दंग रह गये। बाद में संध्या को अपने साथ लेकर आरा पहुंचे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें