
आरा : सड़क पर खड़े वाहनों पर जुर्माना, मचा हड़कंप
-परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 2.50 लाख का जुर्माना, धरहरा तक सड़कों पर खड़े वाहनों पर की गई कार्रवाई
-परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 2.50 लाख का जुर्माना -बाईपास रोड में बस स्टैंड से धरहरा तक सड़कों पर खड़े वाहनों पर की गई कार्रवाई -जहां-तहां सड़क पर खड़े वाहन जाम और सड़क हादसों की बनते हैं वजह आरा, एक संवाददाता। भोजपुर की सड़कों पर जहां-तहां सड़कों पर ही वाहन खड़े कर देने वालों की अब खैर नहीं होगी। जिले के परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस की ओर से ऐसे वाहनों पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। ट्रैफिक डीएसपी मनोज कुमार सुधांशु और एमवीआई धनोज कुमार की ओर से गुरुवार को संयुक्त कार्रवाई की गई। आरा शहर के बाईपास रोड स्थित प्राइवेट बस स्टैंड से लेकर धरहरा तक सड़क पर और किनारे खड़े वाहनों पर नो पार्किंग का जुर्माना किया गया।
इसके साथ ही वाहनों के कागजात की भी जांच कर जुर्माना किया गया। इस दौरान 40 से अधिक वाहनों पर करीब ढाई लाख रुपये का जुर्माना किया गया। बस स्टैंड के पास सड़क किनारे ओवरब्रिज पर ही बसों को खड़ा कर सवारियों को उतारा और चढ़ाया जाता रहा है। वहीं बाइपास रोड में दर्जनों वाहन बनाने के गैराज हैं, जहां वाहनों को सड़क पर ही खड़े कर मरम्मत की जाती है। इससे फोरलेन सड़क दो लेन बनकर रह गई है। इस रास्ते पर सैकड़ों वाहन गेराजों के पास सड़क पर ही खड़े रहते हैं। इनके चलते जाम की समस्या तो उत्पन्न होती है, कई बार सड़क पर खड़े इन वाहनों की वजह से गंभीर सड़क हादसे भी हो जाते हैं। इसपर रोक लगाने को लेकर जिला प्रशासन की ओर से कमर कस ली गई है। ट्रैफिक डीएसपी और एमवीआई की टीम ने पहले दिन नो पार्किंग क जुर्माना करने के साथ बड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। अचानक जिला प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध रूप से जहां-तहां मनमाने तरीके के वाहन खड़े कर देने वालों के बीच हड़कंप मचा रहा। बता दें कि प्राइवेट बस स्टैंड के के बाहर सड़क पर ही नहीं ओवरब्रिज पर भी कई बड़े बस खड़े कर सवारी चढ़ाने का इंतजार किया जाता है। इससे वाहनों के दुर्घटना होने का डर तो बना रहता है, सवारियों को भी हादसे का डर रहता है। इस पर लगातार कार्रवाई की जरूरत है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




