Ara News: त्योहारों से पहले 1372 लोगों पर निरोधात्मक कार्रवाई, नोटिस के बाद वारंट भी
Ara News: जगदीशपुर अनुमंडल प्रशासन ने दुर्गापूजा, दीपावली और छठ के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 1,372 लोगों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की है। एसडीएम ओमप्रकाश लाल के अनुसार, बीएनएसएस की धारा 126 के तहत संबंधित लोगों को एक लाख रुपये तक का बांड भरने को कहा गया है। पूजा पंडालों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर दंडाधिकारी तथा पुलिस बल तैनात किए जा रहे हैं।

Ara News:
जगदीशपुर एसडीएम ने दी जानकारी, धारा 126 के तहत शांति भंग की आशंका वालों पर कार्रवाई एक लाख रुपये तक का बांड भरने का निर्देश जगदीशपुर, निज संवाददाता। दुर्गापूजा, दीपावली और छठ महापर्व पर शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए जगदीशपुर अनुमंडल प्रशासन ने निरोधात्मक कार्रवाई तेज कर दी है। एसडीएम ओमप्रकाश लाल ने बताया कि शांति भंग की आशंका में विभिन्न थाना क्षेत्रों के 1372 लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। संबंधित लोगों को नोटिस जारी किया गया है। नोटिस के बावजूद निर्धारित प्रक्रिया के तहत उपस्थित नहीं होने वालों के विरुद्ध वारंट जारी कर उपस्थिति सुनिश्चित कराने की कार्रवाई की जा रही है। एसडीएम के अनुसार पहले सीआरपीसी की धारा 107 के तहत होने वाली निरोधात्मक कार्रवाई अब भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126 के तहत की जा रही है। इसके तहत संबंधित व्यक्तियों से शांति बनाए रखने के लिए एक लाख रुपये तक का बांड भरने को कहा जा रहा है। निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं करने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। हाल ही में वारंट के आधार पर दो व्यक्तियों को लाया गया था, जिन्हें जमानत पर हिदायत देकर छोड़ दिया गया।

