Ara News: दुर्गापूजा पर स्वच्छ रहेगा जगदीशपुर, पंडालों तक विशेष सफाई
Ara News: मंदिर-पंडालों के रास्तों पर चूना-ब्लीचिंग का छिड़काव, जलजमाव पर नजर, जगदीशपुर ने स्वच्छता व्यवस्था की तैयारी तेज कर दी है। श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए

दुर्गापूजा के लिए सफाई व्यवस्था की तैयारी
Ara News:
मंदिर-पंडालों के रास्तों पर चूना-ब्लीचिंग का छिड़काव, जलजमाव पर नजर हर पंडाल में डस्टबिन, पूजा अवधि में समय पर होगा कचरा उठाव जगदीशपुर, निज संवाददाता। आगामी दुर्गापूजा को लेकर नगर पंचायत जगदीशपुर ने स्वच्छता व्यवस्था की तैयारी तेज कर दी है। श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरे नगर में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसे लेकर नगर पंचायत कार्यालय के सभागार में सफाई जमादारों और वाहन चालकों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की गई। स्वच्छता के नोडल पदाधिकारी रवि कुमार गुप्ता, प्रधान सहायक गौतम कुमार, कनिष्ठ अभियंता रौशन कुमार एवं सफाई निरीक्षक राजीव रंजन सिंह ने कर्मियों को पूजा के दौरान निर्धारित जिम्मेदारियों का समय पर पालन करने का निर्देश दिया। नगर के प्रमुख स्थानों, मंदिरों और पूजा पंडालों के आसपास विशेष सफाई के साथ वहां तक जाने वाले रास्तों की नियमित सफाई कराई जाएगी। चूना और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी होगा। बारिश को देखते हुए जलजमाव रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी। सभी पूजा पंडालों में डस्टबिन रखे जाएंगे और पूजा अवधि में समय पर कचरा उठाव सुनिश्चित किया जाएगा। सफाई जमादारों को अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों ने स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने को कहा है।

