बेटियों ने संवारी बुजुर्गों की मुस्कान, अटल वयो से जुड़ीं दो पीढ़ियां
-जगदीशपुर बुनियादी केंद्र में इंटर जनरेशन बॉन्डिंग कार्यशाला का आयोजन, इस कार्यक्रम ने न केवल बुजुर्गों के चेहरे पर मुस्कान बिखेरी, बल्कि नई पीढ़ी की बेटियों ने यह साबित कर दिया कि वे बुजुर्गों की...

-जगदीशपुर बुनियादी केंद्र में इंटर जनरेशन बॉन्डिंग कार्यशाला का आयोजन -रंगोली, भाषण और खेलकूद के जरिए युवाओं ने बुजुर्गों को दिया सम्मान जगदीशपुर, निज संवाददाता। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर समाज में नई और सकारात्मक तस्वीर उभर कर सामने आई। जगदीशपुर स्थित बुनियादी केंद्र में सामाजिक सुरक्षा कोषांग, भोजपुर की ओर से अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत अनूठी उन्मुखीकरण सह संवेदनशीलता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम ने न केवल बुजुर्गों के चेहरे पर मुस्कान बिखेरी, बल्कि नई पीढ़ी की बेटियों ने यह साबित कर दिया कि वे बुजुर्गों की सुरक्षा और सम्मान के प्रति पूरी तरह जागरूक हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ एडीएसएस अंजना कुमारी, बुनियादी केंद्र की डीपीएम रीमा सिन्हा और वरिष्ठ नागरिक निर्मल कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
एडीएसएस अंजना कुमारी ने कहा कि इस तरह के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य पुरानी और नई पीढ़ी के बीच के संवादहीनता को खत्म करना है। जब युवा और बुजुर्ग एक साथ बैठते हैं, तो समाज में अनुभव और ऊर्जा का बेहतर तालमेल बनता है। कार्यशाला के दौरान कई रोचक प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें बेटियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रंगोली में पुनीता कुमारी के ग्रुप ने आकर्षक रंगों से बुजुर्गों के प्रति प्रेम को उकेरा और प्रथम स्थान प्राप्त किया। वही पेंटिंग में जीना ने अपनी तूलिका से रिश्तों की गहराई को दर्शाते हुए पहला स्थान पाया। भाषण में सुमन कुमारी ने अपने ओजस्वी विचारों से बुजुर्गों के अधिकारों और सम्मान की वकालत की। सम्मान पाकर खिले बुजुर्गों के चेहरे कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं चेयर गेम में रामराज सिंह और राजेंद्र प्रसाद सिंह जैसे बुजुर्गों ने अपनी फुर्ती से युवाओं को भी हैरान कर दिया। कार्यक्रम के अंत में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसमें युवाओं और बच्चों ने शपथ ली कि वे अपने घर और समाज के बुजुर्गों की देखभाल और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। इस दौरान रंगोली में पुनीता कुमारी ग्रुप, सलमा खातून ग्रुप, नियत प्रवीण ग्रुप तो पेंटिंग में जीना, अर्चना कुमारी और निधि पटेल ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार पाया। वहीं भाषण में सुमन कुमारी, रानी शाक्या व कुसुम कुमारी तो चेयर गेम (सीनियर) में रामराज सिंह, राजेंद्र प्रसाद सिंह व रामेश्वर चौधरी ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार पाया। चेयर गेम (जूनियर) में रिंकी कुमारी, भाव्यराज मौर्य और प्रीति कुमारी प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार से पुरस्कृत हुईं। प्रतिभागियों ने वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और सम्मान के लिए किया हस्ताक्षर किया। कार्यक्रम के संचालन और प्रबंधन में महिला अधिकारियों की मुख्य भूमिका रही। मौके पर डॉ. हिमराज सिंह, स्नेहा सिंह, अमन कुमार, विवेकानंद सहित सैकड़ों लोग रहे मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


