दीक्षांत समारोह : भारतीय परिधान में नजर आयेंगे विद्यार्थी, ड्रेस कोड निर्धारित

Jan 15, 2026 08:44 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, आरा
share Share
Follow Us on

-टोपी और अंगवस्त्र का 23 से 25 जनवरी तक होगा वितरण, बैठक में विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय

दीक्षांत समारोह : भारतीय परिधान में नजर आयेंगे विद्यार्थी, ड्रेस कोड निर्धारित

-टोपी और अंगवस्त्र का 23 से 25 जनवरी तक होगा वितरण -ड्रेस कोड को लेकर निर्देश जारी, बैठक में विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा आरा, निज प्रतिनिधि। वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय में आगामी 28 जनवरी को आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह को लेकर तैयारी तेज कर दी गयी है। समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के अंगवस्त्र वितरण और अन्य मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। दीक्षांत समारोह में विद्यार्थी भारतीय परिधान में नजर आयेंगे। मालूम हो कि दीक्षांत समारोह से गाउन और हैट हटा दिया गया है। दीक्षांत समारोह में सिर्फ भारतीय परिधान धोती-कुर्ता और साड़ी को शामिल किया गया है।

जीरो माइल स्थित वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के नूतन परिसर में परीक्षा नियंत्रक प्रो अनवर इमाम की अध्यक्षता में ड्रेस कोड समिति की बैठक हुई। इसमें आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह के लिए ड्रेस कोड निर्धारित किया गया। परीक्षा नियंत्रक प्रो अनवर इमाम ने बताया कि विश्वविद्यालय की ओर से उपलब्ध करायी जाने वाली सामग्री (मानवीय पगड़ी, अंगवस्त्र एवं जैकेट) आगामी 23 से 25 जनवरी तक न्यू कैंपस, जीरो माईल स्थित परीक्षा विभाग के काउंटर नंबर एक पर शाम चार बजे तक वितरित किया जाएगा। बताया कि आवेदक छात्र/छात्रा सामग्री प्राप्ति के लिए जमा की गयी राशि का लाल चालान और फोटो पहचान पत्र की मूल प्रति अनिवार्य रूप से अपने साथ लायेंगे। निर्धारित ड्रेस कोड के बिना दीक्षांत समारोह में प्रवेश वर्जित होगा। बैठक में एनएसएस समन्वयक डॉ साधना रावत, डॉ गौतम सिंह, डॉ शिखा सिंह, सहायक कुलानुशासक डॉ राकेश कुमार रंजन समेत अन्य थे। छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग ड्रेस कोड दीक्षांत समारोह के लिए छात्र और छात्राओं का अलग अलग ड्रेस निर्धारित किया गया है। छात्राओं के लिए साड़ी लेमन यलो कलर, ब्लाउज रेड कलर और छात्र के लिए कुर्ता सफ़ेद कलर, पायजामा या धोती सफ़ेद कलर निर्धारित है। गोल्ड मेडल और उपाधि लेने वाले विद्यार्थी इसी ड्रेस में शामिल होंगे। ड्रेस विद्यार्थी स्वयं खरीदेंगे। छात्र - छात्राओं को मालवीय पगड़ी और अंगवस्त्र विश्ववि‌द्यालय की ओर से उपलब्ध कराये जायेंगे । बताया कि विश्वविद्यालय के पदाधिकारी, अधिषद व अभिषद सदस्य, संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, प्राचार्य आदि सहित अन्य सदस्यों को जैकेट, मालवीय पगड़ी एवं अंगवस्त्र विश्ववि‌द्यालय द्वारा उपलब्ध कराये जायेंगे। इन्हें भी ड्रेस क्रय करना होगा। बता दें कि दीक्षांत समारोह में कुलाधिपति से लेकर अधिकारी और विद्यार्थियों का जैकेट अलग अलग होगा। वस्त्र की खरीदारी को भी कमेटी बनी है। आवेदन जमा करने की तिथि बढ़ी सातवें दीक्षांत समारोह में स्नातकोत्तर पाठ्‌यक्रम में शीर्ष मेधा प्राप्त (टॉपर) एवं उपाधि एवं पीएचडी उपाधि के लिए आवेदन प्रपत्र जमा करने की तिथि 19 जनवरी तक बढ़ा दी गई है। आवेदन परीक्षा विभाग के काउंटर नंबर एक पर जमा होगा। मालूम हो कि पूर्व में 15 जनवरी तक चालान के साथ आवेदन जमा करने की तिथि निर्धारित थी, लेकिन कई विद्यार्थी अब तक जमा नहीं कर पाए हैं। इसके बाद तिथि बढ़ा दी गई है। मालूम हो कि दीक्षांत समारोह में कुल 48 टॉपर विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल मिलेगा। वहीं पीजी और पीएचडी की डिग्री प्रदान की जाएगी। टॉपरों की लिस्ट वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय ने पिछले दिनों जारी की थी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsBihar NewsAra NewsIndian Dress Code for Convocation Ceremony at Veer Kunwar Singh University from January 23-25
;;;