Ara News: खांसी का इलाज कराने निजी अस्पताल में गयी थी महिला, दवा खाते ही मौत
Ara News: -नगर थाना क्षेत्र के मौलाबाग मोहल्ला स्थित निजी अस्पताल में सोमवार की रात हुई घटना, डॉक्टर

Ara News: -नगर थाना क्षेत्र के मौलाबाग मोहल्ला स्थित निजी अस्पताल में सोमवार की रात हुई घटना
घटना का ब्योरा
-महिला की मौत से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में जमकर मचाया हंगामा -परिजनों का अस्पताल के डॉक्टर एवं कर्मियों पर गलत दवाई देने के कारण मौत होने का आरोप -शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद मौत के कारणों की छानबीन में जुटी पुलिस आरा, हिन्दुस्तान संवाददाता नगर थाना क्षेत्र के मौलाबाग स्थित एक निजी अस्पताल में सोमवार की रात खांसी के इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई। दवा खाने के तुरंत बाद उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गयी और कुछ देर के बाद मौत हो गयी। मृत महिला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महकमपुर बारा गांव निवासी पूर्णमासी राय की 25 वर्षीया पत्नी पुतुल देवी थी। उससे आक्रोशित परिजनों ने आक्रोश भड़क उठा और अस्पताल में जमकर हंगामा मचाया। परिजन अस्पताल के डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मियों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगा रहे थे। हंगामे को लेकर काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और परिजनों को समझाकर किसी तरह शांत कराया गया। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। पुलिस मौत के कारणों की छानबीन में जुटी है। महिला के परिजनों ने बताया कि सोमवार की शाम करीब छह बजे उसे तेज खांसी के साथ हांफ होने लगी। इसके बाद उसे इलाज के लिए मौलाबाग स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सक की ओर से उसे दवा दी गई। दवा खाते ही उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और निजी अस्पताल में ही उसकी मौत हो गई। महिला की मौत के बाद उसके घर में रोना-धोना मचा। बताया जा रहा है कि पुतुल देवी को एक पुत्र प्रिंस और एक पुत्री प्रिया है。

