स्वर्णकारों ने कुलगुरु की जयंती मना अति पिछड़ा का दर्जा मांगा
-29 मार्च को मिर्जापुर महासम्मेलन में सहभागिता का किया आह्वान, स्वर्णकार आयोग के गठन की पुराजोर

-29 मार्च को मिर्जापुर महासम्मेलन में सहभागिता का किया आह्वान -देश और राज्य दोनों स्तर पर स्वर्णकार आयोग गठन की पुरजोर मांग जगदीशपुर, निज संवाददाता। भोजपुर के जगदीशपुर नगर के सदर बाजार स्थित जयशंकर प्रसाद स्वर्णकार के आवास पर स्वर्णकार समाज ने अपने कुलगुरु संत नरहरी महाराज की जयंती धूमधाम से मनाई। कार्यक्रम की शुरुआत समाज के गणमान्य लोगों की ओर से संत नरहरी महाराज के तैलीय चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं माल्यार्पण के साथ की गई। इस अवसर पर वक्ताओं ने संत नरहरी महाराज के जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए समाज की एकजुटता और संगठनात्मक मजबूती पर बल दिया।
जयंती समारोह के दौरान समाज ने अपनी मांगों के माध्यम से स्पष्ट राजनीतिक संदेश भी दिया। उपस्थित सदस्यों ने एक स्वर में सरकार से स्वर्णकार समाज को अति पिछड़ा वर्ग का दर्जा देने की मांग की। साथ ही, व्यवसाय की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्वर्णकारों को शस्त्र लाइसेंस प्रक्रिया में विशेष छूट देने तथा केंद्र व बिहार स्तर पर स्वर्णकार आयोग के गठन की मांग प्रमुखता से उठाई गई। समाज के नेताओं ने आगामी 29 मार्च को मिर्जापुर में आयोजित होने वाले विशाल स्वर्णकार महासम्मेलन की सफलता को लेकर रणनीति तैयार की। सदस्यों से अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में भाग लेने की अपील करते हुए कहा गया कि यह आयोजन केवल सांस्कृतिक नहीं, बल्कि सामाजिक-राजनीतिक अधिकारों की निर्णायक लड़ाई का मंच बनेगा। अध्यक्षता अध्यक्ष संजय स्वर्णकार ने की। मौके पर विशाल सोनी, अमन इंडियन, सुरेंद्र प्रसाद स्वर्णकार, जयशंकर प्रसाद स्वर्णकार, मनोज प्रसाद स्वर्णकार, अजीत सोनी, दिनेश प्रसाद स्वर्णकार और संजय कुमार सोनी सहित समाज के कई वरिष्ठ एवं युवा सदस्य उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




