Ara News: एसडीएम के आश्वासन पर 24 घंटे बाद पंचायत प्रतिनिधियों का धरना समाप्त
Ara News: बाढ़ राहत में तेजी लाने का भरोसा, जिला प्रशासन की पहल का प्रतिनिधियों ने किया स्वागत, जिला मुख्यालय से पहुंचीं एसडीएम अंशु कुमारी ने धरनास्थल पर पंचायत प्रतिनिधियों से वार्ता कर उनकी मांगों पर जल्द...

Ara News: बाढ़ राहत में तेजी लाने का भरोसा, जिला प्रशासन की पहल का प्रतिनिधियों ने किया स्वागत बड़हरा, संवाद सूत्र। बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री उपलब्ध कराने समेत विभिन्न मांगों को लेकर बड़हरा में पंचायत प्रतिनिधियों का चल रहा अनिश्चितकालीन धरना करीब 24 घंटे बाद शनिवार की शाम समाप्त हो गया।
जिला प्रशासन की पहल
जिला मुख्यालय से पहुंचीं एसडीएम अंशु कुमारी ने धरनास्थल पर पंचायत प्रतिनिधियों से वार्ता कर उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया। प्रशासन के आश्वासन के बाद प्रतिनिधियों ने धरना स्थगित कर दिया। शुक्रवार की शाम पांच बजे से बड़हरा मुखिया संघ के अध्यक्ष सह बखोरापुर पंचायत के मुखिया रितेश सिंह के नेतृत्व में धरना शुरू किया गया था। पंचायत प्रतिनिधियों का कहना था कि बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत सामग्री उपलब्ध कराने में तेजी लाई जाए।
समस्याओं की जानकारी
शनिवार को एसडीएम अंशु कुमारी ने प्रतिनिधियों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली और मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। बबुरा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि राहुल साह ने बताया कि एसडीएम ने अगले दो-चार दिनों में मांगों को पूरा कराने का भरोसा दिया है। जिला प्रशासन की ओर से की गई पहल को उन्होंने स्वागत योग्य बताया।
धरना समाप्ति का निर्णय
धरना की सूचना पर शुक्रवार को एसडीओ शशि शेखर और एसडीपीओ रंजीत कुमार भी धरनास्थल पर पहुंचे थे। अधिकारियों ने पंचायत प्रतिनिधियों को समझाने का प्रयास किया था। बाद में जिला प्रशासन की ओर से सकारात्मक पहल और एसडीएम के आश्वासन के बाद प्रतिनिधियों ने धरना समाप्त करने पर सहमति जताई।


