ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार आराबाढ़ : भोजपुर में निगल गयी 11 करोड़ की खड़ी फसल

बाढ़ : भोजपुर में निगल गयी 11 करोड़ की खड़ी फसल

भोजपुर में बरसात के आखिरी समय में आई बाढ़ ने किसानों को सर्वाधिक नुकसान पहुंचाया है। सबसे ज्यादा 11 हजार हेक्टेयर में खड़ी धान व मक्का की फसलों को क्षति पहुंची है। इससे जिले के हजारों किसानों की कमर ही...

बाढ़ : भोजपुर में निगल गयी 11 करोड़ की खड़ी फसल
हिन्दुस्तान टीम,आराThu, 17 Oct 2019 12:22 AM
ऐप पर पढ़ें

भोजपुर में बरसात के आखिरी समय में आई बाढ़ ने किसानों को सर्वाधिक नुकसान पहुंचाया है। सबसे ज्यादा 11 हजार हेक्टेयर में खड़ी धान व मक्का की फसलों को क्षति पहुंची है। इससे जिले के हजारों किसानों की कमर ही टूट गई है। पूर्व में सुखाड़ से जूझ रहे किसानों को पिछले दिनों आयी बाढ़ ने नई मुसीबत में डाल दिया है।

बाढ़ के पानी ने भोजपुर में मुख्य रूप से शाहपुर, बड़हरा, आरा व बिहिया के साथ आंशिक रूप से कोईलवर, जगदीशपुर व उदवंतनगर प्रखंडों में विभिन्न प्रकार की फसलों को ज्यादा नुकसान पहुंचाया है। गंगा के किनारे स्थित शाहपुर प्रखंड के 2250 हेक्टेयर में मक्का, 1695 हेक्टेयर में धान और 160 हेक्टेयर में सब्जी की फसल नष्ट हुई है। वहीं बड़हरा में मक्का की फसल 1848, धान की फसल 996 व फल और सब्जी आठ सौ हेक्टेयर में नष्ट हो गयी है। इसका आकलन कर लिया गया है। सरकार को भेजी गयी रिपोर्ट के अनुसार जिले में कुल 11359 हेक्टेयर में हुए नुकसान में से सिंचित जमीन 5755 और असिंचित 5704 हेक्टयर की भूमि प्रभावित है। इनमें सबसे ज्यादा शाहपुर में 4105, बड़हरा में 3630, आरा में 2321, बिहिया में 1286 और जगदीशपुर में 17 हेक्टयर कृषि योग्य जमीन बाढ़ से प्रभावित रही है। वहीं उदवंतनगर में केवल मक्का की खेती 944 हेक्टेयर में नष्ट हुई है। नुकसान हुई फसलों की अनुमानित कीमत 11,64,84,020 रुपये बतायी जा रही है।

नुकसान का विवरण

प्रखंड प्रभावित रकबा राशि लाख में

शाहपुर 4105 40.34

बड़हरा 3630 34.88

आरा 2321 23.02

बिहिया 1286 16.67

उदवंतनगर 944 00

कोईलवर 100 .135

जगदीशपुर 17.32 .23

योग 11459.32 11.65

कितने का मिल सकता है अनुदान

जिला कृषि विभाग की ओर से भेजी गयी रिपोर्ट पर राज्य मुख्यालय से सहमति की मुहर लग जाती है, तो प्रभावित किसानों को काफी लाभ होगा। पूर्व के बने नियमों के अनुसार फसलों की क्षति होने पर सिंचित क्षेत्र के लिए प्रति हेक्टयर 13500 और असिंचित क्षेत्र के लिए प्रति हेक्टेयर 6800 रुपए अनुदान मिलने का प्रावधान है।

क्या कहते हैं अधिकारी

भोजपुर के छह प्रखंडों में बाढ़ के पानी से ज्यादा नुकसान हुआ है। कुल 11 हजार हेक्टयर से ज्यादा खेतों की फसलों के नुकसान की रिपोर्ट भेजी गई है। इसमें अनुमानत: 11 करोड़ 64 लाख के नुकसान की आशंका है।

-संजयनाथ तिवारी, जिला कृषि पदाधिकारी, भोजपुर

बिजली कंपनी को 71 लाख का नुकसान

जिले में बाढ़ के पानी से बिजली कंपनी को भी नुकसान पहुंचा है। सबसे ज्यादा सदर अनुमंडल के बड़हरा व आरा में 51 लाख और जगदीशपुर के शाहपुर व बिहिया में 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आरा में बाढ़ व बारिश के पानी से 47 और जगदीशपुर में 20 ट्रांसफार्मर खराब हो गये हैं। इसी के साथ दर्जनों पोल व कई किलोमीटर का तार भी टूटकर नष्ट हो गया है। इन समस्याओं के कारण ही हजारों उपभोक्ताओं को कई दिनों तक अंधेरे में रहने को विवश होना पड़ा था।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें