भोजपुर के नारायणपुर थाना क्षेत्र के कोमल टोला गांव में रविवार की रात घर में सो रहे पति-पत्नी पर फायरिंग कर दी गयी। इसमें पत्नी के सिर में गोली लग गयी, जबकि उसका पति बाल-बाल बच गया। सिर के पिछले भाग में गोली लगने से पत्नी गंभीर रूप से जख्मी हो गयी। आरा सदर अस्पताल में इलाज के बाद उसे पटना रेफर कर दिया गया। जख्मी महिला कोमल टोला गांव निवासी हरेंद्र कुमार सिंह की पत्नी आशा देवी है। दंपती पर खिड़की के सहारे गोली चलाये जाने की बात कही जा रही है। घटना का कारण रंगदारी नहीं देना बताया जा रहा है। घटना के बाद जख्मी के घर के बाहर से बदमाशों का एक मोबाइल बरामद किया गया है। जख्मी आशा देवी के पति हरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि उसकी मैक्सिमो गाड़ी चलती है। उसके मोबाइल पर कॉल और मैसेज के जरिए उससे दस लाख रुपये की मांग की गयी थी। नहीं देने पर घर में घुसकर पूरे परिवार वालों को मारने की धमकी भी दी गई थी। इस बीच रविवार की रात पति-पत्नी अपने घर में सो रहे थे। उसी दौरान करीब एक बजे बदमाशों ने खिड़की से फायरिंग कर दी। इसमें उसकी पत्नी को गोली लग गई। घटना के बाद उसने और उनके घरवालों ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान भागने के क्रम में बदमाशों में से एक का मोबाइल वहां गिर गया। उसे घरवालों ने बरामद कर पुलिस को सौंप दिया। हालांकि हरेंद्र कुमार सिंह द्वारा रंगदारी मांगने वालों का नाम और कारण नहीं बताया गया। वहीं सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गयी है। बरामद मोबाइल की भी जांच की जा रही है।
14 सितंबर को मोबाइल पर कॉल कर मांगे गये थे दस लाख रुपये
कोमल टोला के हरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि कॉल कर उससे दस लाख रुपये की रंगदारी मांगी गयी। रुपये नहीं देने पर ही वारदात को अंजाम दिया गया है। हरेंद्र कुमार सिंह के अनुसार सबसे पहले 14 सितंबर को मोबाइल पर कॉल कर दस लाख रुपये की मांग की गयी थी। धमकी भी दी गयी थी। तब उसने रुपये नहीं होने की बात कह देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद मैसेज कर रुपये मांगे गये थे। रविवार की शाम भी मैसेज कर दो लाख रुपये की मांग की गयी थी। इसके बाद देर रात घटना को अंजाम दिया गया। हालांकि पुलिस दस लाख की रंगदारी की मांग को हजम नहीं कर रही है। पुलिस की मानें तो हरेंद्र कुमार सिंह की आर्थिक स्थिति वैसी नहीं है कि अपराधियों द्वारा उससे दस लाख की रंगदारी की मांग की जा सकती है। वैसे पुलिस हर एंगल से मामले की छानबीन कर रही है।