दीक्षांत समारोह को लेकर अंगवस्त्र का वितरण शुरू
वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय में 28 जनवरी को होने वाले दीक्षांत समारोह के लिए अंग वस्त्र का वितरण शुरू हो गया है। परीक्षा नियंत्रक प्रो अनवर इमाम ने बताया कि छात्रों को आवश्यक सामग्री जैसे पगड़ी और अंगवस्त्र प्रदान किया जा रहा है। छात्रों को निर्धारित ड्रेस कोड के अनुसार ड्रेस पहनकर आना होगा।

आरा, हि.प्र.। वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय में आगामी 28 जनवरी को होने वाले दीक्षांत समारोह को लेकर अंग वस्त्र का वितरण शनिवार से शुरू हो गया। आज रविवार को भी अंगवस्त्र का वितरण किया जाएगा। परीक्षा नियंत्रक प्रो अनवर इमाम ने बताया कि विश्वविद्यालय की ओर से उपलब्ध करायी जाने वाली सामग्री (मानवीय पगड़ी, अंगवस्त्र एवं जैकेट) का वितरण किया गया। आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को इसे दिया गया। आज 25 जनवरी को भी न्यू कैंपस, जीरो माइल स्थित परीक्षा विभाग के काउंटर नंबर एक पर शाम चार बजे तक वितरित किया जाएगा। बताया कि आवेदक छात्र/छात्रा सामग्री प्राप्ति के लिए जमा की गयी राशि का लाल चालान और फोटो पहचान पत्र की मूल प्रति अनिवार्य रूप से अपने साथ लायेंगे।
निर्धारित ड्रेस कोड के बिना दीक्षांत समारोह में प्रवेश वर्जित होगा। बताया कि दीक्षांत समारोह के लिए छात्र और छात्राओं का अलग अलग ड्रेस निर्धारित किया गया है। छात्राओं के लिए साड़ी लेमन यलो कलर, ब्लाउज रेड कलर और छात्र के लिए कुर्ता सफेद कलर, पायजामा या धोती सफ़ेद कलर निर्धारित है। गोल्ड मेडल और उपाधि लेने वाले विद्यार्थी इसी ड्रेस में शामिल होंगे। ड्रेस विद्यार्थी स्वयं खरीदेंगे। छात्र-छात्राओं को मालवीय पगड़ी और अंगवस्त्र विश्वविद्यालय की ओर से उपलब्ध कराया जा रहा है। मालूम हो कि कुल 48 टॉपर में 44 ने ही आवेदन किया है, जबकि पीएचडी के 113 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। वहीं पीजी डिग्री के लिए 21 आवेदन आए हैं। इस तरह कुल 178 विद्यार्थी दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




