Ara News: जिले भर में श्रद्धा-भक्ति के साथ मना श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव
Ara News: शनिवार को आरा और पीरो में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई गई। विभिन्न मंदिरों में पूजा, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्वामी रंगनाथाचार्य जी महाराज के सानिध्य में लक्ष्मीनारायण मंदिर में जन्मोत्सव मनाया गया। महाप्रसाद वितरण के साथ भव्य आरती का आयोजन भी हुआ। संगीत समारोह का उद्घाटन डॉ. चंद्रशेखर साहा ने किया।

Ara News: सोनवर्षा से पीरो और आरा तक मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, भजन-कीर्तन व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां आरा/पीरो/चरपोखरी। शहर समेत जिले भर में शनिवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन, झांकी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। आधी रात भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ मंदिरों में जयकारे गूंज उठे और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
जन्मोत्सव का उत्सव
चरपोखरी के सोनवर्षा गांव स्थित श्री लक्ष्मीनारायण तोताद्री मंदिर में मठाधीश स्वामी रंगनाथाचार्य जी महाराज के सानिध्य में जन्मोत्सव मनाया गया। बाल स्वरूप की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। भजन संध्या में प्रिंस पांडेय, सत्यम सुरीला और अर्जुन शास्त्री ने सोहर व भजनों की प्रस्तुति दी। रात 12 बजे जन्म की घोषणा होते ही मंदिर परिसर ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से गूंज उठा। महाआरती के बाद प्रसाद बांटा गया। आयोजन छह दिनों तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ जारी रहेगा।
टीएलएसएम वर्ल्ड स्कूल की प्रस्तुति
पीरो के बहरी महादेव धाम में टीएलएसएम वर्ल्ड स्कूल के विद्यार्थियों ने कृष्ण लीला और नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। नन्हे कलाकारों की प्रतिभा पर दर्शकों ने तालियों से उत्साह बढ़ाया। नृत्य निर्देशन अनूप रौशन ने किया, जबकि सुप्रिया यादव और सानिया कुमारी ने एंकरिंग की। वहीं आरा के श्री हनुमान मंदिर बड़ी मठिया में भी जन्माष्टमी महामहोत्सव भव्यता से संपन्न हुआ। महंत अयोध्यानाथ स्वामी जी की उपस्थिति में कीर्तन-भजन हुआ। भोर से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। भव्य आरती और महाप्रसाद वितरण के साथ आयोजन का समापन हुआ।
संगीत समारोह का उद्घाटन
संगीत आत्मा और परमात्मा के मिलन का माध्यम : चंद्रशेखर साहा आरा। बक्शी कुलदीप नारायण मेमोरियल कल्चरल सोसाइटी के तत्वावधान में आयोजित छह दिवसीय 113वें ऐतिहासिक श्रीकृष्ण जन्मोत्सव संगीत समारोह की द्वितीय निशा का उद्घाटन जैन कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. चंद्रशेखर साहा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि संगीत आत्मा और परमात्मा के मिलन का माध्यम है। श्रीकृष्ण की वंशी का संगीत केवल धुन नहीं, बल्कि ब्रह्मांड का नाद है, जिसकी अनुगूंज से गोपियां, ग्वाल-बाल और पशु-पक्षी भी आकर्षित हो जाते थे।
प्रसिद्ध तबला वादक की प्रस्तुति
समारोह में प्रसिद्ध तबला वादक राणा प्रताप सिन्हा ने स्वतंत्र तबला वादन से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। युवा कलाकार रौशन कुमार ने क्लासिकल कीबोर्ड की प्रस्तुति दी। शास्त्रीय गायक अजीत पांडेय ने राग पटदीप में झपताल व तीनताल की बंदिश ‘हरि नाम जप ले रे मनवा’, ठुमरी और भजन प्रस्तुत कर वाहवाही लूटी। कथक नर्तक अमित कुमार ने कृष्ण वंदना और पारंपरिक बंदिशों से समां बांधा। अनुरागिनी, राका श्रीवास्तव, आयान और रियांश ने भी मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। मंच संचालन आदित्या श्रीवास्तव ने किया.

